अम्बिकेश, जानसी से छात्र लें प्रेरणा : विक्रम बहादुर सिंह
अखिल भारतीय गणित मेले में ज्वाला देवी के विद्यार्थियों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रयागराज। ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस, प्रयागराज के विद्यार्थियों ने अखिल भारतीय गणित मेला में अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। अम्बिकेश त्रिपाठी ने गणित प्रयोग (बाल वर्ग) में प्रथम स्थान प्राप्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जानसी अग्रहरि ने भी बौद्धिक क्षमता का परिचय देते हुए वैदिक गणित मॉडल श्रेणी में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया है।

विद्यालय के वंदना सत्र में मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट सफलता के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने विजेता छात्र,छात्राओं को सम्मानित किया और उनकी शानदार उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई दी।
प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने कहा कि अम्बिकेश और जानसी ने ना केवल अपनी व्यक्तिगत प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, बल्कि उन्होंने यह भी सिद्ध किया है कि परिश्रम और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और अन्य छात्रों को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। विद्यालय परिवार इन दोनों प्रतिभावान विद्यार्थियों की सफलता पर गर्व महसूस करता है और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता है। यह सफलता विद्यालय में विज्ञान और गणित के प्रति छात्रों की बढ़ती रुचि और समर्पण को दर्शाती है।






















