अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अशोक नगर रेलवे स्टेशन बना बदलाव का एक नया प्रतीक

0
9


दिनाँक 14.07.2026

शहर समता न्यूज

जबलपुर। ऐतिहासिक रूप से सम्राट अशोक के नाम से जुड़ा मध्य प्रदेश का अशोक नगर रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है। यह स्टेशन बेहतर यात्री सुविधाओं, सुगम आवागमन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ अब बदलाव का एक नया प्रतीक बनकर उभरा है। योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक, आकर्षक एवं यात्री-केंद्रित स्वरूप प्रदान करने के लिए अनेक विकास कार्य किए गए हैं जिनमें प्रमुख रूप से सर्कुलेटिंग एरिया का सुधार, बेहतर पार्किंग, नया पोर्च, मुख्य स्टेशन भवन के साथ प्लेटफॉर्म का अपग्रेडेशन और नए प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण किया गया है।

पिछले एक दशक में अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर यात्री संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, यात्री संख्या में निरंतर हो रही वृद्धि तथा पर्यटन स्थल के रूप में स्टेशन के बढ़ते महत्व को देखते हुए आधुनिक यात्री सुविधाओं एवं उन्नत अवसंरचना के साथ स्टेशन का पुनर्विकास आवश्यक हो गया था।

पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाला अशोकनगर रेलवे स्टेशन एनएसजी-5 श्रेणी का स्टेशन है, जिसमें तीन प्लेटफॉर्म हैं तथा प्रतिदिन 50 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। वर्तमान में इस स्टेशन पर प्रतिदिन औसतन 6,000 से अधिक यात्री आवागमन करते हैं।

पश्चिम मध्य रेल के अंतर्गत अशोक नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास में आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय कला एवं संस्कृति का भी समावेश किया गया है। स्टेशन का नया स्वरूप अब यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय का निर्माण, बुकिंग काउंटर एवं कॉन्कोर्स एरिया का विकास और मानक साइनेज (दिशा संकेतक) बनाए गए हैं। नए फुट ओवर ब्रिज रैंप और लिफ्ट से यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम व व्यवस्थित हुई है।

स्टेशन पर लो-हाइट टिकट खिड़की, सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक टैक्टाइल पाथ जैसी दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में विरासत से विकास तक की यात्रा के प्रतीक के रूप में स्थानीय कला एवं संस्कृति को भी स्थान दिया गया है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित अशोक नगर रेलवे स्टेशन बदलते भारत की नई तस्वीर है। यह स्टेशन न केवल आधुनिक यात्री सुविधाओं और सुरक्षित यात्रा का केंद्र है, बल्कि क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और बेहतर रेल संपर्क को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी है।

जनसम्पर्क विभाग पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here