shahar samta NEWS
Bareilly News : बरेली में कथित तौर पर खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से शादी करने वाली और बाद में उससे 40 लाख रुपये की मांग करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि साधना नाम की आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया।
पति की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर-पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अंशिका वर्मा ने कहा कि पचोमी गांव के निवासी अभिषेक की शिकायत पर फरीदपुर थाने में साधना, उनके पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्य प्रताप और मामा राजेंद्र सिंह, जो पड़ोसी जिले बदायूं के बिल्सी क्षेत्र के सतेती गांव के निवासी हैं, के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सोशल मीडिया पर खुद को बताया IAS अधिकारी-शिकायत के अनुसार, साधना और उसके परिवार ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर फर्जी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर साधना को आईएएस अधिकारी के रूप में पेश किया और अभिषेक को धोखा दिया। उसके दावों पर विश्वास कर अभिषेक ने उससे शादी कर ली।
शादी के बाद बदला व्यवहार, मांगी रंगदारी-शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद साधना का व्यवहार बदल गया और उसने कथित तौर पर उसका गला घोंटने का प्रयास किया, उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
पूछताछ में किया कबूलनामा-वर्मा ने कहा कि साधना को तलाशी अभियान के बाद गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान, साधना ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने अभिषेक और उसके परिवार का विश्वास हासिल करने के लिए खुद को आईएएस अधिकारी के रूप में चित्रित करते हुए ‘फेसबुक’ पर फर्जी तस्वीरें और वीडियो अपलोड किए थे।
जमीन बेचने का भी बनाया दबाव-एसपी ने कहा कि आरोपी ने कथित तौर पर यह भी कबूल किया कि उसने अपने पति को धमकी देकर उससे 40 लाख रुपये की मांग की थी और अपने स्वामित्व वाले भूखंड पर एक अस्पताल के निर्माण के लिए उसे अपनी 20 बीघे की कृषि भूमि बेचने के लिए कहा था।
सरकारी नौकरी की कर रही थी तैयारी-अधिकारी के अनुसार, साधना ने पुलिस को बताया कि वह बीएससी स्नातक है और सरकारी नौकरी की परीक्षाओं की तैयारी कर रही है, जबकि उसके पिता एक किसान हैं। वर्मा ने कहा कि उसने यह भी स्वीकार किया कि घरेलू विवाद के दौरान उसने अपने पति पर हमला किया था। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।
























