पंजाब कांग्रेस में बढ़ा बवाल: चन्नी के प्रदर्शन को लेकर पार्टी में तेज़ टकराव

0
4

पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में हुए प्रदर्शन के बाद अब विवाद पार्टी के भीतर ही गहरा गया है। फरीदकोट जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवदीप सिंह उर्फ बब्बू बराड़ ने पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ‘किक्की’ ढिल्लों के खिलाफ पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल को शिकायत भेजकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

बराड़ का आरोप है कि जिला कांग्रेस कमेटी ने 31 जुलाई को पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी, लेकिन किक्की ढिल्लों ने जिला नेतृत्व से बिना चर्चा किए अलग कार्यक्रम घोषित कर दिया। उनका कहना है कि इससे पार्टी के संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता को नुकसान पहुंचा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि किक्की ढिल्लों खुद को फरीदकोट का ‘हल्का इंचार्ज’ बता रहे हैं, जबकि कांग्रेस संगठन में ऐसा कोई अधिकृत पद नहीं है। जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ढिल्लों लगातार जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि जिस प्रदर्शन को लेकर विवाद खड़ा हुआ, उसकी अगुवाई स्वयं चरणजीत सिंह चन्नी ने की थी। हालांकि, जिला अध्यक्ष द्वारा भेजी गई शिकायत में चन्नी का नाम शामिल नहीं किया गया है। इससे पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here