उत्तर प्रदेशः नई पीढ़ी का एक प्रोफेशनल अब राष्ट्रीय राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहा है। धनराज परिमल नथवानी उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार हैं। उन्होंने बुधवार को लखनऊ में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव भी मौजूद रहे, जो राज्यसभा के लिए पार्टी के दूसरे उम्मीदवार हैं।
धनराज नथवानी रिलायंस समूह के कई महत्त्वपूर्ण कारोबारी उपक्रमों और संस्थागत पहलों में वरिष्ठ जिम्मेदारियाँ संभाल चुके हैं। वह रिलायंस कॉर्पोरेट आईटी पार्क लिमिटेड के बोर्ड सदस्य हैं और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के महत्वपूर्ण विनिर्माण एवं कारोबारी क्षेत्रों का संचालन भी देखते हैं। उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है।
कॉर्पोरेट जगत से आगे भी उनकी सार्वजनिक भूमिका रही है। धनराज नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं, जहाँ वे राज्य में क्रिकेट के प्रशासन और उसके विकास से जुड़े रहे हैं। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ही अहमदाबाद स्थित नरेन्द्र मोदी स्टेडियम का संचालन करती है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के पास अपने दोनों राज्यसभा उम्मीदवारों को निर्वाचित कराने के लिए पर्याप्त संख्या में विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव 16 अक्टूबर को होना निर्धारित है।
धनराज नथवानी की संस्थागत भूमिकाएँ धर्म, वन्यजीव, शिक्षा और ऊर्जा अनुसंधान जैसे विभिन्न क्षेत्रों तक फैली हुई हैं। वे द्वारका स्थित द्वारकाधीश मंदिर प्रशासनिक समिति के उपाध्यक्ष हैं। इसके अलावा वे गुजरात राज्य वन्यजीव बोर्ड और नाथद्वारा मंदिर बोर्ड से भी जुड़े हैं। शिक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका है। वे पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य हैं और गुजरात एनर्जी रिसर्च एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट से भी जुड़े हुए हैं।



















