आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक कार के डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से कार सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई तथा एक महिला और दो बच्चे घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि यह हादसा तहबरपुर थाना क्षेत्र में ओहनी गांव के पास हुआ। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गयी।
सगड़ी के पुलिस क्षेत्राधिकारी देशराज सिंह ने बताया कि हादसे में मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के सुलतानपुर गांव निवासी शादाब (52) और उसके पिता खुर्शीद अहमद (83) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कार शादाब चला रहा था। वह दिल्ली में सिविल इंजीनियर के रूप में कार्यरत था और परिवार के साथ जामिया नगर के हाजी कॉलोनी में रहता था। सिंह ने बताया कि शादाब एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से अपने गांव जा रहा था और कार में उसके पिता खुर्शीद अहमद, पत्नी आसमां बानो (45), बेटी मायरा (15) और बेटा अदनान अहमद (नौ) सवार थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तेज रफ्तार कार पहले दाहिनी ओर डिवाइडर से टकराई और फिर उसी लेन में बाईं ओर जाकर पलट गई। उन्होंने बताया कि यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूत्रों ने बताया कि हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की बचाव टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शादाब और खुर्शीद अहमद को मृत घोषित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है जबकि हादसे में घायल आसमां बानो, मायरा और अदनान को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।























