लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में मतभेद उत्पन्न करने के प्रयासों के तहत ‘नकली पोस्टर’ लगवाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर नगर निकाय के अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा गठबंधन से परेशान है और इसी वजह से इस तरह के पोस्टर लगवाए जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि ये पोस्टर बिना आधिकारिक अनुमति और निर्धारित शुल्क जमा किए लगाए जा रहे हैं। उनकी यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश में एक होर्डिंग लगाए जाने के बाद आई है, जिस पर लिखा है, ”200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा।” इस होर्डिंग पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और स्थानीय कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें भी हैं। सपा प्रमुख ने कहा, ”गठबंधन से भाजपा के पेट में हुआ दर्द, नकली पोस्टर लगा रही, इतना गई डर।” उन्होंने आरोप लगाया कि बिना शुल्क जमा किए सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके पीछे या तो भ्रष्टाचार है या फिर शासन का दबाव है।
यादव ने कहा कि बिना शुल्क के पोस्टर लगाए जाने से स्थानीय निकायों को राजस्व का नुकसान होता है। उन्होंने मांग की कि इस नुकसान की भरपाई संबंधित अधिकारियों से कराई जाए और उनके खिलाफ जांच कराकर उन्हें निलंबित किया जाए। यादव ने कहा कि उनकी पार्टी इस तरह की घटनाओं का तारीखवार रिकॉर्ड रख रही है और संबंधित समय में जिम्मेदार अधिकारियों का विवरण भी दर्ज किया जा रहा है। यादव ने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन मामलों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) सहित विभिन्न एजेंसियों को सक्रिय कर कथित भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की जाएगी।






















