दिल्ली : दिल्ली की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई और शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 373 दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में धुंध की घनी चादर छाए रहने के कारण दृश्यता का स्तर कम हो गया। इस बीच, कई निवासियों ने सांस लेने में दिक्कत और श्वसन संबंधी परेशानी की शिकायत की। दिनभर शहर में धुंध की घनी भूरी चादर छाई रही, जिससे कई इलाकों में दृश्यता का स्तर कम हो गया। सुबह के समय धुंध का असर विशेष रूप से अधिक था। प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों और हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषक तत्व जमीन के करीब ही जमा रहे।
धुंध के बीच सांस लेने में हो रही परेशानी का जिक्र करते हुए कई निवासियों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने गले में खराश, लगातार खांसी, सीने में तकलीफ और सांस फूलने की शिकायत की। कुछ लोगों ने प्रदूषण का स्तर लगातार अधिक बने रहने के कारण घरों के अंदर भी सांस लेने में परेशानी होने पर चिंता जताई। आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 16 में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई जबकि शेष केंद्रों में से एक को छोड़कर सभी में यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही।
दिल्ली कैंट में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। आईआईटी, दिल्ली में एक्यूआई सबसे अधिक 452 दर्ज किया गया। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 446, नरेला और पूसा में 437-437 तथा पंजाबी बाग में 431 एक्यूआई दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के अनुसार, शहर की वायु गुणवत्ता इस मौसम में पहली बार शुक्रवार सुबह ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई। सुबह छह बजकर पांच मिनट पर एक्यूआई 403 पर पहुंच गया और सुबह आठ तथा नौ बजे भी इसी स्तर पर बना रहा। सुबह आठ बजे तक आंकड़े दर्ज करने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 33 में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में, 24 में ‘बहुत खराब’ श्रेणी में और एक केंद्र में ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई।
आईआईटी, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही और वहां एक्यूआई 488 दर्ज किया गया। इसके बाद चांदनी चौक में 479 और नॉर्थ कैंपस में 478 एक्यूआई दर्ज किया गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में एक्यूआई 456 रहा, जबकि आईटीओ और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) दोनों में यह 451 दर्ज किया गया। दिल्ली के रेनबो चिल्ड्रन्स अस्पताल में बाल श्वसन रोग, एलर्जी और नींद संबंधी समस्याओं के विशेषज्ञ सलाहकार डॉ. निखिल राजवंशी ने कहा कि बच्चे वायु प्रदूषण के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील होते हैं, क्योंकि उनके फेफड़े, श्वसन मार्ग और प्रतिरक्षा प्रणाली अभी विकसित हो रहे होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सांस लेने की गति वयस्कों की तुलना में तेज होती है, इसलिए वे अपने शरीर के वजन के अनुपात में अधिक प्रदूषक तत्व सांस के जरिए अंदर लेते हैं।
2.5, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और अन्य हानिकारक गैसों के संपर्क में आने से उनके श्वसन मार्ग में जलन हो सकती है, जिससे खांसी, सांस लेते समय घरघराहट और सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। राजवंशी ने कहा कि लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से फेफड़ों का विकास प्रभावित हो सकता है, इनकी कार्यक्षमता घट सकती है, अस्थमा की समस्या बढ़ सकती है और श्वसन संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के प्रदूषण में परिवहन का योगदान सबसे अधिक (18.5 प्रतिशत) रहा। इसके बाद आवासीय स्रोतों का योगदान 4.6 प्रतिशत, बाहरी उद्योगों का 3.7 प्रतिशत, निर्माण कार्यों का 2.5 प्रतिशत, सड़क की धूल का 1.3 प्रतिशत और अन्य क्षेत्रों का योगदान 1.2 प्रतिशत रहा।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के जिलों में प्रदूषण में हरियाणा के झज्जर की हिस्सेदारी सबसे अधिक 7.2 प्रतिशत रही। इसके बाद हरियाणा के गुरुग्राम की 5.4 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर की 4.8 प्रतिशत, बुलंदशहर की 4.4 प्रतिशत, हरियाणा के फरीदाबाद की 3.3 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की 3.1 प्रतिशत, हरियाणा के भिवानी की 2.2 प्रतिशत, रोहतक की हिस्सेदारी 1.9 प्रतिशत, राजस्थान के अलवर की 1.8 प्रतिशत और हरियाणा के सोनीपत की हिस्सेदारी 1.2 प्रतिशत रही। अन्य जिलों की हिस्सेदारी 18.1 प्रतिशत रही।
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई शनिवार से 16 नवंबर तक ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की आशंका है। इसके बाद के छह दिनों के लिए भी वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।























