नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बीच दो मंत्रियों ने 50% कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम का आदेश जारी किया। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शुक्रवार को अपने विभागों के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया, समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के चरण III के तहत, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली सरकार और अन्य एनसीआर राज्य सरकारों से सार्वजनिक, नगरपालिका और निजी कार्यालयों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों की क्षमता के साथ काम करने की अनुमति देने पर विचार करने के लिए कहा है, शेष कर्मचारी घर से काम करेंगे। एक सरकारी अधिकारी ने कहा, “वायु गुणवत्ता पर सीएक्यूएम दिशानिर्देशों के अनुसार, विभाग प्रमुख घर से काम करने की अनुमति देने के संबंध में निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं। आवश्यक सेवाएं इसमें शामिल नहीं होंगी।वहीं परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने भी स्वास्थ्य और परिवार कल्याण और सूचना प्रौद्योगिकी सहित अपने प्रभार वाले विभागों को घर से काम करने की व्यवस्था अपनाने का निर्देश दिया है।पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र अपने कर्मचारियों को संशोधित GRAP शेड्यूल के तहत घर से काम करने की अनुमति दे सकता है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को बहुत खराब श्रेणी में रही, शाम 4 बजे AQI 373 दर्ज किया गया। शहर में धुंध की मोटी चादर छा गई, जिससे दृश्यता कम हो गई और कई निवासियों ने सांस लेने में कठिनाई की शिकायत की।
























