गाजियाबाद: गाजियाबाद में 42 साल की एक महिला को अपने पति, किशोर बेटे और भतीजे को जहर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला पर आरोप है कि उसने कम से कम 12 महीनों तक उनके खाने में चुपके-चुपके थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ‘लेड’ (सीसा) मिलाया।आरोपी महिला की पहचान रेनू के रूप में हुई है। उसे 23 नवंबर को दिल्ली की झिलमिल कॉलोनी में उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया गया। जांचकर्ताओं को शक है कि वह अपने पति के बिजनेस पर कब्जा करना चाहती थी, जिसका सालाना टर्नओवर लगभग 6 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, वह अपने पति की 2 करोड़ रुपये की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी में नॉमिनी भी थी।
पत्नी ने धीरे-धीरे पति, बेटे और भतीजे को जहर दिया-यह मामला तब सामने आया जब 45 वर्षीय सुशील कुमार भटनागर ने बार-बार हो रही स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत की। बताया जाता है कि पिछले साल 21 अगस्त को वह गंभीर रूप से बीमार पड़ गए और उन्हें वैशाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका दो महीने तक इलाज चला। मेडिकल जांच में उनके खून में लेड की मात्रा बहुत अधिक पाई गई।
उसी साल बाद में उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, जहां पता चला कि उन्हें ‘क्रोनिक लेड पॉइजनिंग’ (लंबे समय से लेड के जहर का असर) है। उनके 16 साल के बेटे वंश और 21 साल के भतीजे देव में भी ऐसे ही लक्षण दिखे और उन्हें ठीक होने में कई हफ्ते लग गए।
ट्रांस-हिंडन के डीसीपी रिजुल के अनुसार, जब मेडिकल रिपोर्ट में तीनों लोगों में लेड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई, तो भटनागर को अपनी पत्नी पर शक होने लगा। डीसीपी ने TOI को बताया, “उन्होंने पुलिस को बताया कि इस साल सितंबर के पहले हफ्ते में, उनकी 12 साल की बेटी ने उन्हें बताया कि रेनू बाकी परिवार को खाना परोसने से पहले, उसमें ‘कुछ छिड़कती’ थी और अपने और अपनी बेटी के लिए अलग खाना निकाल कर रख लेती थी।”
6 करोड़ के बिजनेस और 2 करोड़ के इंश्योरेंस का लालच-भटनागर ने 24 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई, जिसमें हत्या की कोशिश, जहर देकर नुकसान पहुंचाना और आपराधिक साजिश जैसे आरोप शामिल हैं। शिकायत में चार अन्य लोगों के नाम भी हैं, जिनमें रेनू की मां, भाई, जीजा और एक परिचित व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बेटी और डॉक्टरों के बयानों के साथ-साथ मेडिकल रिकॉर्ड से इस बात के सबूत मिले हैं कि 2024 और 2025 के बीच जहर देने की कोशिश की गई थी।
रिजुल ने बताया कि रेनू कथित तौर पर ट्रैवल एजेंसी पर कब्ज़ा करना चाहती थी। इसके लिए उसने अपने पति और भतीजे को निशाना बनाया, जो इस बिज़नेस को संभालते थे। उसके बेटे को भी कथित तौर पर ज़हर दिया गया, क्योंकि वह अपने पिता का साथ दे रहा था।
12 साल की बेटी ने साजिश का खुलासा किया-पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि रेनू को ‘लेड’ (सीसा) कहाँ से मिला और क्या इसमें किसी और ने भी उसकी मदद की थी। जांचकर्ता उस पदार्थ का पता लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं, जिसे सितंबर में घर से निकलने से पहले कथित तौर पर एक डस्टबिन में फेंक दिया गया था।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि ‘लेड पॉइज़निंग’ (सीसे से ज़हर फैलना) समय के साथ गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। संजय नगर अस्पताल के पूर्व चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, डॉ. संजय तेवतिया ने कहा, “अगर लेड का असर बहुत ज़्यादा हो या इलाज में देरी हो जाए, तो इससे मौत भी हो सकती है। शरीर में लेड की बहुत अधिक मात्रा होने से दौरे पड़ सकते हैं, इंसान कोमा में जा सकता है और दिमाग को स्थायी नुकसान पहुँच सकता है।” इस मामले की तुलना केरल के ‘कूदाथाई’ केस से की जा रही है। उस मामले में जॉली जोसेफ पर 2002 से 2016 के बीच ज़हर देकर परिवार के छह सदस्यों की हत्या करने का आरोप था। जॉली जोसेफ अभी भी जेल में है और उसके खिलाफ मामले अभी भी चल रहे हैं।

























