अंतरिक्ष में पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट को मिलेगा शाही खाना, चीन ने बनाया 100 से ज्यादा हलाल पकवानों का मेन्यू

0
7
अंतरिक्ष में पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट को मिलेगा शाही खाना, चीन ने बनाया 100 से ज्यादा हलाल पकवानों का मेन्यू

अंतरिक्ष में अब पाकिस्तानी जायके की खुशबू भी पहुंचेगी। चीन ने अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के लिए 100 से अधिक हलाल पकवानों वाला विशेष भोजन मेन्यू तैयार किया है। इसमें बीफ निहारी, मटन कोरमा और बटर चिकन जैसे लोकप्रिय व्यंजन शामिल हैं। इस मेन्यू को तैयार करते समय पाकिस्तानी खान-पान की आदतों, धार्मिक मान्यताओं और शरीर की पोषण संबंधी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है। चीन के शेनझोउ-23 और शेनझोउ-24 मिशनों के चालक दल अंतरिक्ष में एक साथ मौजूद हैं। पहली बार सभी छह अंतरिक्ष यात्री कक्षा में एक साथ बैठकर भोजन करने वाले हैं। इसी खास मौके को यादगार बनाने और पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री को अपने देश के खाने का स्वाद उपलब्ध कराने के लिए चीन ने यह विशेष व्यवस्था की है।

 
चीन के शोधकर्ताओं ने इस विशेष मेन्यू को तैयार करने से पहले पाकिस्तान की खाद्य संस्कृति, खान-पान से जुड़ी परंपराओं और पोषण संबंधी जरूरतों का अध्ययन किया। इसके आधार पर पाकिस्तानी शैली के सात विशेष अंतरिक्ष खाद्य पदार्थ विकसित किए गए हैं।  इनमें बीफ निहारी और मटन कोरमा जैसे पारंपरिक व्यंजन शामिल हैं। इसके अलावा, भोजन में हल्दी और करी जैसे मसालों के स्वाद को भी प्राथमिकता दी गई है, ताकि अंतरिक्ष यात्री को अपने घर के खाने जैसा अनुभव मिल सके। चाइना एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग सेंटर के चेन जुनली ने बताया कि भोजन को इस तरह तैयार किया गया है कि उससे अंतरिक्ष यात्रियों को पर्याप्त ऊर्जा और पोषण मिल सके। साथ ही, अंतरिक्ष में पहुंचने के शुरुआती दिनों में यह हल्का रहे और आसानी से पच सके।अंतरिक्ष में शरीर की स्थिति और भोजन पचाने की प्रक्रिया धरती से अलग हो सकती है। इसलिए व्यंजनों को तैयार करते समय स्वाद के साथ उनकी पौष्टिकता और पाचन क्षमता का भी ध्यान रखा गया है।

चेन जुनली के मुताबिक, भोजन तैयार करने की पूरी प्रक्रिया में हलाल नियमों का सख्ती से पालन किया गया है। अंतरिक्ष में भेजने से पहले सभी व्यंजनों का कई बार स्वाद परीक्षण किया गया। पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों से मिले सुझावों के आधार पर इनके स्वाद और गुणवत्ता में लगातार सुधार किया गया।इस पूरी कवायद का उद्देश्य अंतरिक्ष यात्री को ऐसा भोजन उपलब्ध कराना है, जो उनकी धार्मिक और खान-पान संबंधी प्राथमिकताओं के अनुरूप होने के साथ-साथ अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने के लिए जरूरी पोषण भी दे सके। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here