प्रतापगढ़ बुलेटिन – 4 अप्रैल 2024

0
362

डा0 नीरज त्रिपाठी बने कॉग्रेस जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत

प्रतापगढ़। यूपी यूथ ब्रिगेड के पूर्व अध्यक्ष व सदर विधानसभा के कॉग्रेस प्रत्याशी रहे डा0 नीरज त्रिपाठी को कॉग्रेस का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इस आशय का पत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा जारी किया गया है। पार्टी के प्रति श्री त्रिपाठी के लगन व निष्ठा को देखते हुए उन्हें अन्य भी कई जिम्मेदारियां दी गई हैं। डा0 त्रिपाठी को कॉग्रेस का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर गुरूवार को शहर स्थित पार्टी कार्यालय पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकताओं ने श्री त्रिपाठी का भव्य स्वागत किया। जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर डा0 त्रिपाठी ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में बूथ से लेकर ब्लॉक व जिला तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प लेता हॅू। जो आने वाले दिनों में देखने को भी मिलेगा। इस मौके पर डा0 वीके सिंह, डा0 प्रशांतदेव शुक्ल, महेन्द्र शुक्ल, वेदांत तिवारी, मकरंद शुक्ल, प्रेम शंकर द्विवेदी, विजय शंकर तिवारी, सुरेश मिश्र, रामू पांडे, इम्तियाज, विश्वास सिंह, सलमान, उत्सव, विकाश शुक्ल समेत दर्जनों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। 

हेल्पिंग हैण्ड संस्था बनी जरूरत मंद बच्चों का खेवनहार, उपलब्ध करा रही निःशुल्क शिक्षा-

प्रतापगढ़। शहर की संभ्रान्त परिवारों की महिलाओं ने गरीबों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने व उनकी मदद के उद्देश्य से हेल्पिंग हैण्ड नाम की संस्था का संचालन कर रही हैं। यह संस्था उन परिवारों के बच्चों का खेवनहार बनती है जिनके अभिभावक उन्हें पढ़ाने लिखाने में सक्षम नहीं होते हैं। इसके लिए संस्था की तरफ से बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की परीक्षा लेकर उन्हें आगे की पढ़ाई का जिम्मा उठाती है। संस्था किसी भी गरीब का मेधावी बच्चा चाहे व इंजीनियरिंग, डाक्टर व अन्य क्षेत्रों की उच्च शिक्षा लेना चाहे तो पढ़ाने के खर्च का सारा जिम्मा उठाती है। इसके लिए ऐसे परिवारों के बच्चों को फार्म भर कर संस्था द्वारा आयोजित परीक्षा में पास होना होगा। इस वर्ष की परीक्षा गुरूवार को शहर के शंकल दयाल रोड स्थित परिषदीय विद्यालय में आयोजित हुई। परीक्षा में चिलबिला, पुलिस लाइन, बेगमवार्ड समेत स्थित कई स्कूलों के पचास बच्चों ने प्रतिभाग किया। संस्था की सदस्य मीना पुष्पाकर ने बताया कि बहुत से मेधावी बच्चे गरीबी की वजह से पढ़ लिख नहीं पाते हैं। उन्हें शिक्षा का बेहतर माहौल प्रदान कर देश के विकास के लिए योग्य नागरिक बनाना हेल्पिंग हैण्ड संस्था का उद्देश्य है। संस्था की अध्यक्ष सुनीता खंडेलवाल, संगीता खंडेलवाल, प्रिया, अनामिका, स्मिता, बबिता, अनीता, रेखा, पूर्णिमा तिवारी समेत अन्य सदस्यों की मौजूदगी में परीक्षा संपन्न हुई। 

नार्थ मल्टीप्ल अवार्ड से सम्मानित हुए समाजसेवी रोशनलाल

प्रतापगढ़। एलायंस क्ल्ब इंटरनेशनल नार्थ मल्टीप्ल सम्मेलन दो दिन पूर्व लखनऊ में सम्पन्न हुआ। जिसमें समाजसेवा के क्ष़्ोत्र में किये गए कार्यों को देखते हुए रोशनलाल उमरवैश्य को नार्थ मल्टीप्ल एवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड संस्था की चेयरमैन ममता भटनागर व सेक्रेटरी डीएम भटनागर द्वारा दिया गया। समाजसेवी के सम्मानित होने पर साहित्यकार डा0 दयाराम मौर्य, लेखक डा0 विनय कुमार श्रीवास्तव, राजेश सिंह, छेदीलाल, पूनम गुप्ता, अचर्द्यना खंडेलवाल, रेखा उमरवैश्य, ज्योति खंडेलवाल, सुधा अग्रवाल आदि ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए खुशियां जाहिर की। 

सदर तहसील परिसर में जमकर बवाल, एफआईआर के विरोध में धरने पर बैठे अधिवक्ता

एसडीएम के पेशकार को अधिवक्ता ने की थी पिटाई

प्रतापगढ़। सदर तहसील परिसर चार दिनों से जंग का मैदान बना हुआ है। सोमवार को एसडीएम के पेशकार सुरेन्द्र पांडे को एक अधिवक्ता ने तहसील परिसर में जमकर पीटा था। पिटाई के विरोध में कर्मचारियों में आक्रोश है। सोमवार से तहसली में कोई काम नहीं हो पा रहा है। आए दिन अधिवक्ताओं के गाली गलौज से तंग एसडीएम उदयभान सिंह ने सख्ती दिखाई तो पीड़ित पेशकार ने नगर कोतवाली में पिटाई करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ तहरीर दी। गुरूवार को एफआईआर दर्ज होने की जानकारी पर दर्जनों अधिवक्ता तहसील में धरने पर बैठ गये। इस दौरान कुछ लोगों ने गाली गलौज भी की। एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार को अधिवक्ताओं के हंगामे का शिकार होना पड़ा। अधिवक्ताओं के धरने में पहुंची एक महिला ने प्रशासन के खिलाफ आक्रमक रूख दिखाया। कर्मचारियों ने महिला के अधिवक्ता न होने की जानकारी दी। 

अधिवक्ताओं के डर से मुंह खोलने को तैयार नहीं कर्मचारी-

अधिवक्ताओं द्वारा पिटाई से कर्मचारी इतना डरे हैं कि कोई उनके खिलाफ कुछ बोलने को तैयार नहीं है। पिटने के बावजूद एफआईआर दर्ज कराने की हिम्मत नहीं हो पाती है। सीआरओ, डीडीसी व एसडीएम न्यायालयों के चार कर्मचारियों की पिटाई से हर कर्मचारी डरा सहमा है। 

पीड़ितों ने डीएम से बताई अपनी व्यथा-

अधिवक्ताओं से पिटे कर्मचारी डीएम के सामने पेश होकर अपनी व्यथा सुनाई। बार-बार हंगामे व हड़ताल को देखते हुए डीएम भी अधिवक्ताओं से नाराज है। उन्होंने कर्मचारियों को कार्यवही का भरोसा दिलाया है। 

एफआईआर दर्ज कराने से बचते हैं पिटे कर्मचारी-

कर्मचारियों का कहना है कि अधिकारी पीटने वालों के खिलाफ तहरीर देने का दबाव बनाते हैं। एफआईआर दर्ज होने पर कोई कार्यवाही नहीं होती। बल्कि पीड़ित के पुनः पिटने व अपमानित होने का खतरा बना रहता है। अधिकारी हैं आज यहॉ कल वहॉ। इसके अलावा कार्यवाही होने पर अधिवक्ता हड़ताल कर देते हैं। अंत में अधिकारियों व अधिवक्ताओं के बीच समझौता हो जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसी परिस्थति में अपमान सहकर नौकरी करना मजबूरी बन गई है। 

गूगलमीट के जरिए डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को संचारी रोग नियंत्रण के संबंध में दिए निर्देश

प्रतापगढ़। डीआईओएस सरदार सिंह ने गुरूवार को माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से गूगलमीट के जरिए संचारी रोगों के नियंत्रण एवं मतदाता जागरूकता के संबंध में बैठक हुई। डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों से कहा कि विभाग द्वारा जारी कार्ययोजना के संबंध में संचारी रोग नियंत्रण व मतदाता जागरूकता के लिए जरूरी कदम उठाएं। अपने विद्यालय के स्टाफ व विद्यार्थियों को जागरूक करें। शत प्रतिशत मतदान के लिए सभी को प्रेरित करना है। ताकि सभी के परिजन, पास पड़ोस व चिर परिचित सभी मतदान का हिस्सा बन सकें। जागरूकता अभियान की बैनर व फोटो के साथ प्रचार प्रसार करें। गूगल मीट के जरिए आजाद अहमद, डा0 एससी शुक्ल, फादर आनंद केवी जॉन, राम पकाश, जितेन्द्र, कृपा शंकर, विकास सिंह, योगेश कुमार सिंह, प्रतीक कुमार सिंह आदि प्रधानाचायों ने डीआईओएस से सीधे संवाद किया। इस दौरान यूनीसेफ डा0 वकील, केपी द्विवेदी आदि मौजूद रहे। 

बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप के स्टडी सेंटर पर प्रतिभाओं को मिला सम्मान

प्रतापगढ़। समाज के जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा के साथ उनके लिए हर तरह से सहयोग को तत्पर बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप यानि बीबीएफजी ने पढ़ाई में अव्वल आए छात्रों को सम्मानित किया। भंगवा गांव स्थित ग्रुप के फ्री स्टडी सेंटर पर गुरुवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में लाजू विश्वकर्मा, मुस्कान, रिया, नैतिक प्रजापति  को पढ़ाई, दूसरों की मदद करने के साथ साथ खेलकूद और आपसी भाईचारा बढ़ाने में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें मेडल, पानी की बोतल, प्रमाणपत्र, स्टेशनरी, पर्स इत्यादि से प्रिंसिपल शनि द्वारा दिया गया। ये छात्र(सभी कलास आठ) स्टडी सेंटर के टॉपर भी हैं। इस मौके पर दामिनी, मानसी, पीयूश और स्मिता आदि मौजूद थी।

पत्थरबाजों को खोजने में दिलचस्पी नहीं ले रही आरपीएफ

अफसरों का आदेश नहीं रखता मायने

अब तक आधा दर्जन से अधिक हो चुकी हैं ट्रेनों पर पत्थर फेंकने की घटना

प्रतापगढ़। ट्रेनों पर हुई पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने और इनमें शामिल उपद्रवी तत्वों को पकड़ने में यहां की आरपीएफ अभी तक नाकाम रही है। हालांकि ऊपर के अधिकारी इन घटनाओं को लेकर गंभीर जरूर हैं। उन्होंने कार्यवाई का निर्देश भी मातहतों को दिया है। उनके निर्देश को लेकर आरपीएफ कितनी संजीदा है यह उनकी हीला हवाली से पता चलता है। ख़ास बात यह है कि आदेश का कितना पालन हुआ इसको लेकर अधिकारी भी दुबारा अपडेट नहीं लिए। केवल निर्देश, आदेश देकर अपनी ड्यूटी निभाई। आस्था स्पेशल पर पथराव की घटना शुरू हुई तो फिर रूकी नहीं। उसके बाद दनादन पत्थर फेंके गए। जिसमें राजधानी एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ ट्रेन उपद्रवियों के निशाने पर रही। इन घटनाओं ने ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों में दहशत फैलाई और वे खुद को सफर में असुरक्षित महसूस करने लगे। ये घटनाएं खुंडौर, जगेसरगंज, चिलबिला, मां बाराही देवी धाम रेलवे स्टेशन के करीब हुई हैं। जिसको आरपीएफ और जांच एजेंसी ने तस्दीक भी किया है। हालांकि पत्थरबाजी की घटना से यात्री हताहत नहीं हुए। लेकिन एसी कोच के शीशे टूटने से रेलवे को राजस्व की काफी हानि हुई है। रात और दिन पत्थरबाजी की घटनाओं ने रेल प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। इसको रोकने और इसमें शामिल उपद्रवियों को खोजने के लिए आरपीएफ के बड़े अफसरों ने कार्रवाई का निर्देश भी दिया है। मगर हकीकत यह है कि उनका निर्देश हवा में ही है। क्योंकि अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है। बता दें कि सहायक मंडलीय सुरक्षा आयुक्त राज सिंह ने आरपीएफ को निर्देशित किया है कि घटना स्थल की पेट्रोलिंग की जाय। अधिकारियों के आदेश का मातहतों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।

गर्मी से गश खाकर सड़क पर गिरा युवक, हुई मौत

प्रतापगढ़, लालगंज। कस्बे में दवा लेने आया युवक अचानक गश खाकर गिर गया। ट्रामा सेण्टर ले जाने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। सांगीपुर थाना क्षेत्र के पूरे दूधी भोजपुर गांव के बत्तीस वर्षीय उमाशंकर मिश्र पुत्र रामसजीवन मिश्र गुरूवार की दोपहर करीब दो बजे अपने बीमार पिता की दवा लेने के लिए बाइक से लालगंज कस्बा आये हुए थे। कस्बा स्थित एचडीएफसी बैंक के पास बाइक खड़ी कर वहीं पानी पीने लगे। इसी बीच अचानक सड़क पर गिरकर अचेत हो गये। आसपास के लोग युवक को इलाज के लिए ट्रामा सेण्टर भेजवाया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विजयकांत सत्यार्थी का कहना है कि प्रथम दृष्टया हीट स्ट्रोक से युवक की हुई मौत की बात लग रही है। परिवार के लोगों ने पीएम करने से इंकार कर दिया है और शव को लेकर घर चले गये। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएफ की दबिश में आरोपी की मौत की शुरू हुई मजिस्ट्रेटी जांच

प्रतापगढ़, लालगंज। सांगीपुर थाना क्षेत्र के लखहरा गांव मे एसटीएफ की गिरफ्त में आये लखहरा गांव के राजनाथ सिंह के पुत्र अजय प्रताप सिंह की इलाज के दौरान हुई मौत में मजिस्ट्रेटियल जांच शुरू हुई है। डीएम संजीव रंजन द्वारा इस घटना की मजिस्ट्रेटी जांच लालगंज एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी को सौंपी गयी है। डीएम के मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश के तहत एसडीएम लालगंज प्रवीण कुमार द्विवेदी ने घटना से सम्बन्धित किसी भी प्रकार के बयान के लिए किसी संस्था अथवा व्यक्तियों को आवश्यक साक्ष्य की आवश्यकता के तहत  तहसील कार्यालय में अपने बयान दर्ज कराये जाने को कहा है। बतादें लखनऊ के थाना गोमती नगर में मृतक अजय प्रताप सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के केस को लेकर एसटीएफ द्वारा मृतक के घर दबिश दी गयी थी। अचानक एसटीएफ की हिरासत में मृतक अजय सिंह की तबीयत बिगड गयी। इलाज के दौरान जिला अस्पताल मे अजय की मौत हो गयी। मृतक अजय की मौत पुलिस के मुताबिक हार्ट अटैक से हुई थी। इस मामले में मृतक की पुत्री जान्हवी की तहरीर पर सांगीपुर थाने में दो महिला आरक्षी समेत अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद प्रमोद तिवारी व लोकसभा प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल ने भाजपा को बताया हर मोर्चे पर फेल

प्रतापगढ़, लालगंज स्थित कॉंग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना के कैम्प कार्यालय पर गुरूवार को कांग्रेस तथा सपा कार्यकर्ताओं का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। उसे सत्ता खोने के भय सता रहा है। उन्होने कहा कि भाजपा सांसद ने रामपुर खास में उनके तथा विधायक मोना के प्रयास से स्वीकृत होने वाली विकास योजनाओं में कदम कदम पर अड़ंगा लगाया। मंगापुर उदयपुर नये ब्लाक के क्रियाशील न हो पाने पर मौजूदा भाजपा सांसद व सरकार को दोषी बताया। प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार ने मंहगाई के साथ अर्थव्यवस्था को पूरी तरह चौपट कर रखा है। उन्होने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोडो न्याय यात्रा से घबराई भाजपा देश की जनता के सामने बेरोजगारी, किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारण्टी, सीमा पर चीन के साथ लगातार तनाव के माहौल पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होने कहा कि असल मुददे से भटकाव के लिए भाजपा फिर उन्मादी राजनीति की फितरत में है। जनता ने मोदी के झूठ को समझ लिया है और वह पूरी तरह से इण्डिया गठबंधन को सरकार बनाने का जनादेश देने का निर्णय ले चुकी है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के  प्रत्याशी व पूर्व एमएलसी एसपी सिंह पटेल ने जिले में विकास के नाम पर भाजपा के मौजूदा सांसद को विफल करार दिया है। उन्होने कहा कि प्रतापगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में भाजपा सांसद ने कोई प्रयास नहीं किया। उद्योग तथा चिकित्सा क्षेत्र में भी स्थानीय सांसद के स्तर पर कोई भी पहल नही हो सकी। विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकारों में महिलाओं को सम्मान तथा स्वरोजगार दोनों क्षेत्र में निराशा है। उन्होनें कहा कि इस चुनाव में रामपुर खास इण्डिया गठबंधन की संसदीय क्षेत्र में जीत को लेकर निर्णायक भूमिका के लिए सबसे मजबूत स्थिति में है। संचालन मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. नीरज त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं के साथ गठबंधन प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल की जीत सुनिश्चित बनाये जाने में कारगर संघर्ष का ऐलान किया। इस मौके पर अब्दुल कादिर जिलानी, भइयाराम पटेल, महेन्द्र शुक्ला, डॉ0 प्रशान्तदेव शुक्ल, रामसुन्दर पटेल, टीपी यादव, प्रवीण द्विवेदी, केडी मिश्र, अमित सिंह पंकज, अशोक सिंह बबलू, संतोष द्विवेदी , प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी आदि मौजूद रहे।

अधिक पाने की लालसा ही दरिद्रता-वियोगी जी

प्रतापगढ़। सुदामा गरीब तो थे, पर दरिद्र नहीं थे। वास्तव में दरिद्र वह है, जिसमें अधिक पाने की लालसा बनी रहे। सुदामा ने भगवान कृष्ण का मित्र होने के बाद भी उनसे कुछ नहीं मांगा। इससे बड़ा संतोषी कौन हो सकता है। यह बात शहर के मीराभवन स्थित गोकुल लान में भागवत कथा के अंतिम दिन कथाव्यास पं0 अवध नारायण शुक्ल वियोगी जी महराज ने कही। उन्होंने कहा कि भागवत महापुराण पापों को मिटाने वाला, हृदय में भगवान की भक्ति जगाने वाला व भवसागर से तारने वाला महापुराण है। भगवान कृष्ण का ही स्वरूप है। इस मौके पर डा0 श्यामशंकर शुक्ल श्याम, सुनील प्रभाकर व राज नारायण राजन ने धार्मिक प्रसंगों पर काव्य पाठ किया। कथा श्रवण करने वालों में रोशनलाल ऊमरवैश्य, डा0 जयशंकर त्रिपाठी, रामकुमार ओझा, शारदा प्रसाद शुक्ल, केपी चतुर्वेदी, सुरेश पांडेय, भगवानबख्स सिंह व ओमदत्त शुक्ल आदि मौजूद रहे।

ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मृत छात्र के शव का हुआ अंतिम संस्कार

प्रतापगढ़, लालगंज। तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से छात्र की हुई मौत की घटना को लेकर दूसरे दिन गुरूवार को भी परिवार के लोग बदहवाश दिखे। वहीं पीएम के बाद मासूम छात्र का शव घर लाया गया तो कोहराम मच गया। परिजनों ने मानिकपुर में मृत छात्र के शव को दफन कर दिया। इधर बेटे की मौत के गम में बेसुध मां की हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया गया। हालांकि कुछ देर बाद हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। इधर पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हैं। लालगंज कोतवाली के असैनापुर निवासी बारह वर्षीय शुभ पुत्र स्व0 राजमणि मिश्र यमुना प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वर्मा नगर में कक्षा पांच का छात्र था। बुधवार को सुबह साइकिल से स्कूल जाते समय वर्मा नगर चौराहे के समीप ट्रैक्टर की ट्राली की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गयी थी। प्रभारी निरीक्षक विजयकांत सत्यार्थी का कहना है कि मामले में ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है, शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।