गुरु पूर्णिमा पर CM योगी का गोरखनाथ मंदिर दौरा: विशेष पूजा-अर्चना के साथ जनता दर्शन में सुनीं 200 शिकायतें

0
8

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार सुबह नाथ संप्रदाय की परंपराओं के अनुसार भगवान शिव का अवतार माने जाने वाले महायोगी गुरु गोरखनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आदित्यनाथ ने अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ, दादागुरु महंत दिग्विजयनाथ, योगीराज बाबा गंभीरनाथ और नाथ परंपरा के सभी गुरुओं की भी विधिवत पूजा-अर्चना की। 

गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान बुधवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के आदेश दिए। राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने गुरु पूर्णिमा पूजन के बाद गोरखनाथ मंदिर में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण त्वरित रूप से किया जाना चाहिए। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को योगी ने आश्वस्त किया कि धन की तंगी से किसी का भी इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित मरीजों के इलाज संबंधी खर्च की रकम के आकलन की प्रक्रिया पूरी कर शासन को उपलब्ध कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here