कांवड़ यात्रा पर सख्ती: UP में मीट-शराब दुकानों पर रोक, उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई का अलर्ट

0
3

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्थित मांस की सभी दुकानों तथा मांसाहारी भोजन परोसने वाले भोजनालय 12 अगस्त तक बंद करा दिए गए हैं, जबकि शराब की दुकानें पर्दे लगाकर संचालित की जाती रहेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिला आबकारी अधिकारी रवि शंकर ने बताया कि जिले में शराब की सभी दुकानें खुली हैं, लेकिन कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित 113 दुकानों को पर्दों से ढक दिया गया है। सहायक आयुक्त अर्चना धीरन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर स्थित मांसाहारी भोजन परोसने वाले सभी रेस्तरां, ढाबे और अन्य प्रतिष्ठान संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मिली जानकारी के मुताबिक, श्रावण मास की शुरुआत के साथ 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा प्रारंभ हो चुकी है और श्रद्धालु मुजफ्फरनगर पहुंचने लगे हैं। श्रद्धालु शिव चौक स्थित शिव मंदिर की परिक्रमा भी कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन के लिए यात्रा मार्गों पर भारी पुलिस बल तथा आतंकवाद रोधी दस्ता तैनात किया गया है। इसके साथ ही पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने-अपने गृह नगर पहुंचते हैं और वहां स्थित शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। यह यात्रा 11 अगस्त को संपन्न होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here