मदुरै: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपने प्रमुख चुनावी वादे को पूरा करते हुए ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ नामक कल्याणकारी योजना की सोमवार को शुरुआत की जिसके तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले शिशुओं को 22 कैरेट सोने की एक ग्राम की अंगूठी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री विजय ने मदुरै के सरकारी अस्पताल राजाजी में इस योजना की शुरुआत करते हुए शिशुओं को गोद में लिया और उन्हें सोने की अंगूठियां प्रदान कीं। राज्य सरकार ने इस कल्याणकारी योजना के लिए 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक परिवारों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़कर अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री के विभिन्न कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने हवाई अड्डे से लेकर पूरे शहर में पांच-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। राज्य सरकार ने योजना के शुरुआती चरण के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां पहले ही खरीद ली हैं। इनका वितरण सरकारी अस्पतालों में स्थानीय माताओं से जन्म लेने वाले पात्र शिशुओं को किया जाएगा। यह योजना 22 जून 2026 या उसके बाद जन्मे पात्र बच्चों पर लागू होगी।





















