लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र 26 नवंबर को जारी करेगी, जिस दिन संविधान दिवस भी है। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीट के लिए चुनाव अगले वर्ष की शुरुआत में होने हैं।चुनाव कार्यक्रम की अभी घोषणा नहीं की गई है। यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र।” उन्होंने कहा, ”संविधान दिवस 26 नवंबर, 2026 के लोकतांत्रिक और पावन अवसर पर हम जारी करेंगे ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’ (घोषणापत्र)।” पीडीए यादव द्वारा गढ़ा गया संक्षिप्त नाम है, जिसमें ‘पिछड़े’, दलित और ‘अल्पसंख्यक’ शामिल हैं। यह समाजवादी पार्टी की राजनीतिक पहुंच की रणनीति का एक प्रमुख आधार है।यादव ने पहले कहा था कि पार्टी उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में से प्रत्येक पर केंद्रित अलग-अलग घोषणापत्र भी तैयार करेगी। उत्तर प्रदेश में 2017 से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में है। इससे पहले, अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार थी, जबकि 2007 से 2012 तक मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी सत्ता में थी।
























