नई दिल्लीः दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 237 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा विकसित ‘समीर’ ऐप के अनुसार, 54 निगरानी केंद्रों में से 36 में एक्यूआई ‘खराब’ दर्ज किया गया जबकि पांच केंद्रों पर यह ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहा।
इग्नू-मैदान गढ़ी में सबसे अधिक 377 एक्यूआई दर्ज किया गया, जिसके बाद उत्तम नगर में 340 एक्यूआई रहा। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार को दर्ज किए गए 12.2 डिग्री से थोड़ा कम है और मौसम के औसत के लगभग बराबर है।
मौसम कार्यालय ने आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 96 प्रतिशत दर्ज की गई। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली का शनिवार को एक्यूआई 265 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है तथा पिछले तीन दिनों में क्रमिक सुधार को दर्शाता है। एक्यूआई 19 नवंबर को 280 से घटकर 20 नवंबर को 270 और शनिवार को 265 पर आ गया।





















