ट्रंप का नया टैरिफ वारः भारत पर 35% तक शुल्क लगाने का ऐलान, चीन-यूरोपीय संघ व ब्राजील पर भी लगेगा नया टैक्स

0
5
ट्रंप का नया टैरिफ वारः भारत पर 35% तक शुल्क लगाने का ऐलान, चीन-यूरोपीय संघ व ब्राजील पर भी लगेगा नया टैक्स

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने चीन, भारत, यूरोपीय संघ, ब्राजील, ताइवान समेत कई देशों से आयात होने वाले सामानों पर नए शुल्क लगाने की घोषणा की है। बुधवार को घोषित प्रस्ताव के तहत शुल्क की दरें 15 से 35 प्रतिशत तक हो सकती हैं। अमेरिका का दावा है कि संबंधित देश अपने यहां जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन कर रहे हैं और सस्ते सामान की वैश्विक बाजार में आपूर्ति बढ़ाकर अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि कई व्यापारिक साझेदारों ने ऐसी नीतियां अपनाई हैं, जिनसे बाजार में असंतुलन पैदा हुआ है। इससे व्यापार का पलड़ा उनके पक्ष में झुक गया है और अमेरिका का विनिर्माण आधार कमजोर हुआ है। प्रस्तावित शुल्क अमेरिका के कुल आयात के लगभग तीन-पांचवें हिस्से को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, प्रशासन ने ताइवान और दक्षिण कोरिया से आने वाले सेमीकंडक्टर और अन्य उच्च तकनीक वाले उत्पादों को छूट देने का प्रस्ताव रखा है। ये उत्पाद कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बदला ट्रंप का रुख-नए शुल्कों की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब फरवरी में अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने ट्रंप प्रशासन के व्यापक आयात शुल्क लगाने के अधिकार पर रोक लगा दी थी। अदालत ने कहा था कि राष्ट्रपति कांग्रेस को दरकिनार कर सभी आयातों पर व्यापक शुल्क लगाने के लिए आर्थिक आपातकाल घोषित नहीं कर सकते। अब ट्रंप प्रशासन 1974 के व्यापार अधिनियम की धारा 301 के तहत नए शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है। यह प्रावधान अमेरिकी राष्ट्रपति को उन देशों के खिलाफ आयात शुल्क और अन्य प्रतिबंध लगाने की अनुमति देता है, जिनकी व्यापार नीतियों को अनुचित या भेदभावपूर्ण पाया जाता है। नए शुल्कों का एक उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राजस्व में आई कमी की भरपाई करना भी है। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि ये शुल्क मुख्य रूप से पिछले अप्रैल में लगाए गए शुल्कों की जगह लेंगे। इसलिए महंगाई और आर्थिक विकास पर इनका प्रभाव सीमित रह सकता है।

 चीन और ब्राजील भी निशाने पर-अमेरिका की नई शुल्क नीति के दायरे में भारत के अलावा बांग्लादेश, कंबोडिया, चीन, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, थाईलैंड, वियतनाम, ताइवान और यूरोपीय संघ शामिल हैं। मेक्सिको और नॉर्वे के खिलाफ जांच अभी लंबित है। ब्राजील के खिलाफ व्यापार वार्ता रुकने के बाद अतिरिक्त कार्रवाई की तैयारी है। अमेरिका कच्ची और परिष्कृत चीनी पर आयात शुल्क बढ़ाने के साथ विमानों पर 10 प्रतिशत नया शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है। इससे ब्राजील की प्रमुख विमान निर्माता कंपनी एम्ब्रेयर प्रभावित हो सकती है। चीन से आने वाले कुछ सामानों पर 20 प्रतिशत नया शुल्क पहले से लागू आयात करों के अतिरिक्त लगाया जाएगा। इससे कुछ उत्पादों पर कुल शुल्क दर 45 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। वियतनाम पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है, हालांकि यह व्यापार वार्ता पूरी होने पर निर्भर करेगा।

चीन ने किया विरोध-अमेरिका और चीन के बीच पिछले साल हुए व्यापार संघर्ष विराम समझौते की अवधि 10 जनवरी 2027 को समाप्त होने वाली है। ग्रीर ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन इस समझौते के तहत चीन से आने वाले करीब 30 अरब डॉलर मूल्य के सामानों को व्यापक छूट देने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। दूसरी ओर, चीन के विदेश मंत्रालय ने नए शुल्कों का विरोध किया है और अमेरिका से बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने का आग्रह किया है।बता दें कि ट्रंप प्रशासन की यह घोषणा ऐसे समय हुई है, जब मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगा है। एपी के मतदाता सर्वेक्षण के अनुसार, करीब दो-तिहाई मतदाताओं ने माना कि ट्रंप की नीतियों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को और खराब किया है। ट्रंप का दावा है कि आयात शुल्क बढ़ाने से अमेरिका में विनिर्माण क्षेत्र की नौकरियां वापस आएंगी और संघीय बजट घाटा कम होगा।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here