मंडी: भारत सरकार के पैट्रोलियम एवं प्रकृतिक गैस मंत्रालय ने हिमाचल की भाजपा नेत्री डॉक्टर अर्चना ठाकुर को सार्वजनिक क्षेत्र के नवरत्न उपक्रम तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) में तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त किया है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के घागस क्षेत्र से संबंध रखने वाली डॉक्टर अर्चना ठाकुर अपने परिवार के साथ कुल्लू में रहती हैं। सैनिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली डॉक्टर अर्चना ठाकुर की स्कूली और कॉलेज की शिक्षा शिमला में हुई। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से वर्ष 1999 में राजनीति विज्ञान में डॉक्टरेट की डिग्री प्राप्त की।
वर्तमान में वह हिमाचल भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य हैं। इससे पहले वह प्रदेश भाजपा के आईटी एवं सोशल मीडिया सेल की कमान दो बार संभाल चुकी हैं। उन्हें शैक्षणिक, प्रशासनिक और समाजसेवा के क्षेत्र में करीब दो दशकों का अनुभव है। डॉक्टर अर्चना ठाकुर ने महिलाओं के सामुदायिक विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके सामाजिक कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुकी है। ONGC जैसे प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रम में इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त होने वाली वह हिमाचल प्रदेश की पहली महिला बताई जा रही हैं।




















