LKG छात्रा को स्कूल में मच्छरों ने काटा, गुस्साए पिता ने DM को भेजा ई-मेल, एक्शन में अफसर

0
6

Moradabad : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक नामी प्राइवेट स्कूल में LKG में पढ़ने वाली बच्ची को क्लास में बार-बार मच्छर काट रहे थे। जब स्कूल प्रशासन ने फरियाद नहीं सुनी, तो बच्ची के पिता ने सीधे जिलाधिकारी (DM) को ई-मेल भेजकर शिकायत दर्ज करा दी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पहली बार जब बच्ची को स्कूल में मच्छरों ने काटा, तो परिजनों ने इसकी जानकारी स्कूल डायरी के जरिए दी थी। उन्हें उम्मीद थी कि स्कूल प्रबंधन इस पर ध्यान देगा, फॉगिंग कराएगा और सफाई पर जोर देगा। लेकिन आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने इस शिकायत को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। नतीजा यह हुआ कि कुछ ही दिनों बाद बच्ची को दोबारा मच्छरों ने बुरी तरह काट लिया।

बच्ची के पिता का कहना है कि इस मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी खतरनाक बीमारियां तेजी से फैलती हैं। ऐसे में छोटे-छोटे मासूम बच्चों को इस तरह मच्छरों के भरोसे छोड़ देना स्कूल प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। परेशान होकर पिता ने अब सीधे DM से गुहार लगाई है कि स्कूल परिसर में फॉगिंग और साफ-सफाई के सख्त इंतजाम कराए जाएं।

मामला अधिकारियों तक पहुंचते ही हड़कंप मच गया। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ऋतु तोमर ने स्पष्ट किया है कि सभी स्कूलों को साफ-सफाई और नियमित फॉगिंग के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि प्राइवेट स्कूलों को ये सारे इंतजाम खुद करने होते हैं, लेकिन बच्चों की सेहत से जुड़ा मामला होने के कारण संबंधित स्कूल को तुरंत फॉगिंग कराने और सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि आगे किसी बच्चे को ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here