बठिंडा: बठिंडा के सिविल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए एलायंस एयर द्वारा संचालित हवाई सेवा पिछले दो सप्ताह से प्रभावित हो रही है। सप्ताह में पांच दिन निर्धारित उड़ानों में से पिछले दो सप्ताह के दौरान केवल दो दिन ही विमान उड़ान भर सका, जबकि बाकी उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा का प्रबंध करना पड़ा। तीसरे सप्ताह भी यही सिलसिला जारी है।
एयरलाइन अधिकारियों की ओर से उड़ानें रद्द होने का कारण ‘तकनीकी समस्या’ बताया गया है, लेकिन बुकिंग नहीं होने और लगातार उड़ानें रद्द होने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। कोविड के बाद क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना ‘उड़ान’ के तहत शुरू की गई यह सेवा बठिंडा और पूरे मालवा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। एम्स बठिंडा के विद्यार्थी, डॉक्टर, रिफाइनरी और सिविल डिफेंस से जुड़े अधिकारी, व्यापारी तथा आम यात्री इस सेवा का उपयोग करते हैं। उड़ानें रद्द होने के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अंतिम समय में रेल या सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ रही है।
बठिंडा एयरपोर्ट के निदेशक कौशल कंबोज ने कहा कि उड़ानें रद्द होने के कारणों के बारे में एयरलाइन ही अधिक जानकारी दे सकती है। उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर से नया शेड्यूल जारी हो गया है और उड़ानें जारी रहेंगी। भविष्य में उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को पहले ही मैसेज के माध्यम से सूचित किया जाएगा।
गौरतलब है कि ‘उड़ान’ योजना के तहत इस हवाई सेवा की अवधि अक्टूबर के अंत में समाप्त होनी है। लोगों की मांग है कि सेवा को निरंतर जारी रखने के साथ-साथ बठिंडा को देश के अन्य प्रमुख शहरों से भी हवाई कनेक्टिविटी प्रदान की जाए।



















