भारतीय भक्ति संगीत और हनुमान भक्ति की गूंज अब अमेरिका तक पहुंचती दिखाई दे रही है। अमेरिकी जियोलॉजिस्ट और वैदिक ध्यान शिक्षक एलेक सोडरबर्ग ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ में शामिल भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ अपनी आवाज में गाया है। खास बात यह है कि एलेक ने इसके लिए खुद इकतारा तैयार किया और उसी की धुन पर भजन प्रस्तुत किया। एलेक ने अपने इस भजन का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसे अब तक 15 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो में वह पारंपरिक तार वाले वाद्य के साथ भजन गाते नजर आ रहे हैं। उनके गायन और भक्ति भाव की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।




















