प्रयागराज, 29 सितंबर 2026। स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे द्वारा अपने कार्यबल से जुड़े पात्र कॉन्ट्रैक्ट लेबरों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे श्री नरेश पाल सिंह के निर्देश पर चल रही इस पहल के तहत अब तक तीनों मंडलों में 388 कॉन्ट्रैक्ट लेबरों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
अभियान के तहत प्रयागराज मंडल में 145, झांसी मंडल में 140 और आगरा मंडल में 103 कॉन्ट्रैक्ट लेबरों के कार्ड बनाए गए हैं। पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने का कार्य लगातार जारी है।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रति परिवार प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जाता है। योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित उपचार सुविधाओं का लाभ कैशलेस एवं पेपरलेस तरीके से लिया जा सकता है। इससे गंभीर बीमारी या अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में पात्र परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में मदद मिलती है।
उत्तर मध्य रेलवे से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट लेबर विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान देते हैं। ऐसे में उन्हें और उनके पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की यह पहल कल्याणकारी दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र कॉन्ट्रैक्ट लेबरों को योजना का लाभ दिलाना है, ताकि जरूरत के समय उन्हें उपचार के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। पात्र लाभार्थियों को योजना की सुविधाओं और पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।




















