वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत’ की संकल्पना को साकार करने के लिए देश के हर राज्य, जिले, कस्बे और गांव को मिलकर प्रयास करना होगा। मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुजरात के वडनगर से काशी पहुंचे सेवा यात्रियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित और समृद्ध होकर वैश्विक मानचित्र पर एक ताकत के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे किये हैं। उन्होंने मोदी को उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से बधाई दी।
योगी ने कहा कि ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ प्रधानमंत्री का विजन है, लेकिन यह तभी पूरा होगा जब प्रत्येक जनपद, गांव, कस्बा और राज्य इस दिशा में प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ देश में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा आगे बढ़ रही है। गुजरात में 2001 के भुज भूकंप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय पूरा देश चिंतित था कि गुजरात इस त्रासदी से कैसे उबरेगा, लेकिन मोदी के ‘करिश्माई नेतृत्व’ में गुजरात फिर खड़ा हुआ और एक मॉडल राज्य के रूप में उभरा।
उन्होंने कहा कि दुनिया ने पिछले 12 वर्षों में काशी और उत्तर प्रदेश को बदलते देखा है। करीब एक दशक पहले राज्य में माफिया का प्रभाव था, बेटियों की सुरक्षा चिंता का विषय थी और व्यापारी भय के माहौल में रहते थे। त्योहारों में भी उत्सव के बजाय उपद्रव की आशंका रहती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के मार्गदर्शन में माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, मां विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, महाकुंभ तथा मथुरा-वृंदावन की गतिविधियां नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी की यात्रा मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में सेवा के संकल्पों का अभिनंदन करने के साथ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने बताया कि युवा बाइकर्स ने गर्मी और बारिश का सामना करते हुए 10 राज्यों की यात्रा पूरी की है। युवाओं की यही ऊर्जा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में उपयोगी होगी। योगी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा ‘सेवा संकल्प अभियान’ लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष का संदेश लेकर आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने की अपील की।




















