नोएडा: उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को सीआरटी (क्राइम रिस्पांस टीम) और थाना सेक्टर-126 पुलिस की संयुक्त टीम की एक बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमन त्यागी उफर् माया त्यागी और दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बदमाश को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है। देर रात नोएडा पुलिस उपायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने मुठभेड़ के संबंध मे जानकारी देते हुए बताया कि, सीआरटी टीम और थाना सेक्टर-126 पुलिस की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में मोटरसाइकिल सवार बदमाश और दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पुलिसकर्मियों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल, खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान अमन त्यागी उफर् माया त्यागी पुत्र धनेश, निवासी ग्राम छपार, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि उसके खिलाफ अलग-अलग जनपदों के थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस रिकॉडर् में वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। अमन त्यागी उफर् माया त्यागी थाना बादलपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 306/2026, धारा 109, 351(2), 3(5) बीएनएस के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को उसकी तलाश थी।
फिलहाल पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और आपराधिक नेटवकर् से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से बरामद हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कारर्वाई की जा रही है। घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति और बदमाश के विस्तृत आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।






















