कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार की रात को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित यूपीएसआईडीयी औद्योगिक क्षेत्र में केआईटी कॉलेज के पीछो बनी निकोलम पिगमेंट्स एंड इंक फैक्ट्री में रात करीब 9 बजे आग लगी। देखते ही देखते आग ने इतना विकाल रूप ले लिया कि उसकी ऊंची लपटें करीब एक किलेमीटर दूर से दिखाई देने लगीं। फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल और ज्वलनशील सामान की वजह से आग तेजी से फैसली चली गई। इस दौरान केमिकल से भरे ड्रमों में कई धमाके भी हुए, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का मौहाल फैल गया। घटना की पूरी जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पुहंची और शुरुआत में पहले तो आगके बुझाने के लिए आठ दमकल गाड़ियों को लगाया गया, लेकिन आग इतनी भयंकर तरह से फैक्ट्री में और कैमिकल में लगी थी कि इसके राहत कार्य में काफी परेशानी आई। हालात बिगड़ते देख जिले के सभी फायर स्टेशनों से दमकल वाहन बुलाए गए। देर रात तक करीब 15 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई थीं। इसके अलावा आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने की तैयारी की गई।
केमिकल ड्रमों में हुए कई धमाके-फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल और ज्वलनशील सामान रखा था। आग वहां तक पहुंचते ही ड्रमों में धमाके होने लगे। तेज लपटों और धुएं के कारण दमकलकर्मियों को अंदर जाने में परेशानी हुई। शुरुआत में टीमों ने बाहर से ही पानी डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की।
आसपास की 30 से ज्यादा फैक्ट्रियां खाली कराई-आग और जहरीली गैस फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आसपास की दो से तीन दर्जन फैक्ट्रियों में काम बंद करा दिया। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और स्थानीय लोगों को भी घटनास्थल से दूर रहने को कहा गया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दमकल वाहनों के लिए रास्ता खाली कराया।
100 मीटर दूर किए गए लोग, PAC भी तैनात-केमिकल जलने से आसपास तेज रासायनिक गंध फैल गई थी। एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर कर दिया गया। दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मास्क व कपड़े से मुंह ढककर बचाव कार्य में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी की एक प्लाटून भी तैनात की गई।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद 80 प्रतिशत आग बुझी
दमकलकर्मियों को रात करीब 11:20 बजे तक फैक्ट्री के गेट के आसपास आग पर काबू पाने में मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद टीम अंदर पहुंची और छतों से पानी की बौछार शुरू की। करीब ढाई घंटे की कोशिश के बाद लगभग 80 प्रतिशत आग बुझाने की जानकारी दी गई। हालांकि, फैक्ट्री के अंदर आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
कर्मचारियों के जाने के चार घंटे बाद लगी आग-प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री की मालिक अनुराधा त्यागी हैं। यहां 10 से 12 कर्मचारी काम करते हैं और कामकाज का समय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक है। मंगलवार को कर्मचारी शिफ्ट खत्म होने के बाद घर जा चुके थे। रात करीब 9 बजे आग लगी। राहत की बात यह रही कि उस समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था और शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली।
अधिकारियों ने संभाली कमान, जांच जारी-घटना की सूचना पर एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है। फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।























