वैशाली : बिहार की कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती देने वाले गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु के उद्घाटन के कुछ ही देर बाद वैशाली में सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस पुल का लोकार्पण किए जाने के तुरंत बाद वहां हंगामे और नारेबाजी की घटना सामने आई है। इस पूरे वाकये का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है।
40 मिनट तक पुल पर जारी रही नारेबाजी-वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग हाथों में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का झंडा लेकर पुल पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। समर्थकों ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाए। आरोप है कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन में लगे पोस्टर भी फाड़े गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर यह हंगामा करीब 40 मिनट तक चलता रहा, जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों के बीच भी घटना को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल-उद्घाटन के बाद पुल पर हुई नारेबाजी और पोस्टर फाड़ने की इस घटना से कुछ समय के लिए वहां तनावपूर्ण स्थिति बन गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद नीतीश सेतु पर हुए हंगामे को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और चर्चाएं तेज हो गई हैं।





















