प्रयागराज में जज के PSO के बेटे से मारपीट, अतीक अहमद के रिश्तेदार समेत 6 पर केस

0
3

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के धूमनगंज क्षेत्र में जज के पीएसओ के बेटे के साथ मारपीट के मामले में माफिया सरगना अतीक अहमद के रिश्तेदार समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ति परिवार का आरोप है कि पहले से घात लगाए लोगों ने युवक को गाली देते हुए उसका मुंह दबाया और खींचकर घर के अंदर ले गए, जहां लोहे की रॉड, पट्टी और धारदार हथियार से उसकी पिटाई की गई। युवक को बचाने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नामजद आरोपियों में राशिद उफर् नीलू भी शामिल है, जिसे पीड़ति परिवार ने अतीक अहमद का चचेरा भाई बताया है। 

कसारी-मसारी निवासी हेड कांस्टेबल कमालुद्दीन जज के पीएसओ हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना 16 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। उनका बेटा मोहम्मद इमरान फुटबॉल खेलकर घर लौटा था और घर के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर रहा था। इसी दौरान गोलू उफर् सलाम, तैय्यब और कलाम पुत्रगण महाजन, राशिद उफर् नीलू, नीलू का अज्ञात भाई तथा मोहम्मद उमर वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने इमरान को गाली दी और उसका मुंह दबाकर खींचते हुए अपने घर के अंदर ले गए। वहां लोहे की रॉड और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की गई। इमरान के शोर मचाने पर उसके पिता, मां और बहन साजिया परवीन वहां पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। तहरीर में लोहे की रॉड, लोहे की पट्टी और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया है।

परिवार जान बचाने के लिए पड़ोस में रहने वाले तौफिक के घर में चला गया। आरोप है कि इसके बाद गोलू उफर् सलाम ने फोन कर 10-12 अन्य युवकों को बुला लिया। वे लोग भी वहां पहुंचे और घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे। वादी के अनुसार गोलू उफर् सलाम ने अन्य लोगों को ललकारते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही हमलावर वहां से चले गये। आरोप है कि जाते समय उन्होंने स्वयं को अतीक अहमद के रिश्तेदार परिवार का बताते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

मारपीट में परिवार के कई सदस्यों को चोटें आई हैं। घटना के बाद से पीड़ति परिवार में भय का माहौल है। परिवार ने देर रात धूमनगंज थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। धूमनगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर गोलू उफर् सलाम, तैय्यब, कलाम, राशिद उफर् नीलू, उसके अज्ञात भाई और मोहम्मद उमर समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here