अमेरिका में भारतीय कारोबारी की हत्या; बेटी के सामने ही लुटेरे ने ली जान, 3 दिन पहले ही खोला था नया स्टोर

0
4

न्यूयॉर्क: अमेरिका के टेनेसी राज्य में एक गुजराती कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।  62 वर्षीय सुरेश पटेल  जैक्सन शहर की एक शराब के स्टोर में लूट की वारदात के दौरान हमलावर की गोली का शिकार हुए। सबसे दर्दनाक बात यह है कि घटना के समय उनकी 19 वर्षीय बेटी भी दुकान के अंदर मौजूद थी और उसने अपनी आंखों के सामने पिता को गोली लगते देखा।  स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक सुरेश पटेल ने घटना से महज  तीन दिन पहले ही स्टोर की जिम्मेदारी संभाली थी। नए कारोबार की शुरुआत के कुछ ही दिनों बाद हुई इस हत्या से गुजराती समुदाय और पटेल परिवार में गहरा सदमा है।
 

घटना गुरुवार रात जैक्सन स्थित  Ridgecrest Cellars Wine & Spirits में हुई। पुलिस के अनुसार एक नकाबपोश हथियारबंद व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और वहां मौजूद लोगों से नकदी की मांग की। पैसे मिलने के बाद भी हमलावर से स्थिति नहीं संभली और उसने फायरिंग कर दी। गोली लगने से सुरेश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जैक्सन पुलिस ने बताया कि संदिग्ध की तस्वीरें CCTV कैमरों में कैद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक हत्यारा  ग्रे हुडी, जींस और काले जूते  पहने हुए था और चेहरे पर मास्क लगा रखा था।  पुलिस के अनुसार गोलीबारी के बाद आरोपी एक सफेद रंग की सेडान कार  में मौके से फरार हो गया। अधिकारियों ने उसे हथियारबंद और खतरनाक बताया है।पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्ध की तलाश कर रही है। 

सुरेश पटेल मूल रूप से  गुजरात के मेहसाणा जिले  से थे। अमेरिका में उन्होंने कारोबार खड़ा किया था और हाल ही में इस स्टोर की ओपनिंग की थी। जैक्सन पुलिस विभाग ने हमलावर की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने संदिग्ध व्यक्ति या सफेद सेडान कार के बारे में कोई जानकारी देखी हो तो पुलिस को सूचना दे। सुरेश पटेल की हत्या ने अमेरिका में छोटे कारोबार और स्टोर चलाने वाले भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर गैस स्टेशन, शराब की दुकानों, कन्वीनियंस स्टोर और अन्य रिटेल कारोबार में काम करने वाले कारोबारी कई बार लूटपाट का निशाना बनते रहे हैं। हाल के वर्षों में अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों में भारतीय और गुजराती मूल के कारोबारियों पर हमले और लूट की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे मामलों के बाद समुदायों की ओर से कारोबारियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी उठती रही है।
  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here