चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ नामक कल्याणकारी योजना की शुरुआत करेंगे, जिसके तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। सूत्रों ने रविवार को बताया कि मुख्यमंत्री मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में योजना की शुरुआत करेंगे।
विशेष विमान से पहुंचने वाले विजय जीआरएच के सभागार में योजना की शुरुआत करेंगे और 25 नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठियां प्रदान करेंगे। वह प्रसूति वार्ड का भी दौरा करेंगे और उस दिन जन्मे बच्चों को व्यक्तिगत रूप से अंगूठियां देंगे। इस योजना के लिए नवजात शिशुओं की माताओं का तमिलनाडु की स्थायी निवासी होना जरूरी है। यह योजना मूल रूप से दिवंगत मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरै की जयंती 15 सितंबर को शुरू की जानी थी लेकिन विजय की लंदन यात्रा के कारण इसे टाल दिया गया था।
‘मामा की ओर से सोने की अंगूठी’ योजना के तहत सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले प्रत्येक पात्र नवजात को 22 कैरेट सोने की एक ग्राम की अंगूठी दी जाएगी। राज्य सरकार ने योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। पहले चरण में 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार की गई हैं।



















