जम्मू: त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल द्वारा एक अहम फैसला लिया गया है। जानकारी के अनुसार माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को इसका बहुत लाभ होगा। रेलवे ने एक स्पेशल ट्रेन में कोचों की संख्या बढ़ाई गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्री अपना सफर पूरा कर सकें।
जानकारी के अनुसार त्योहारों पर माता रानी के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 19224 में अतिरिक्त कोचों की अस्थायी वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत ट्रेन संख्या 19224, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा – साबरमती एक्सप्रेस में दिनांक 10 नवंबर 2026 से 14 नवंबर 2026 तक थर्ड ए.सी. व स्लीपर श्रेणी के अतिरिक्त कोच अस्थायी रूप से जोड़े जा रहे हैं। जिससे पंजाब, राजस्थान व गुजरात जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही इन अतिरिक्त कोचों की वृद्धि से यात्रियों को अधिक बर्थ एवं सीटें उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी यात्रा और अधिक सुविधाजनक एवं आरामदायक हो सकेगी।
रेलवे का यात्रियों से अनुरोध करता है, कि वे इन अतिरिक्त कोचों में टिकट बुकिंग के लिए रेलवे आरक्षण केंद्रों, आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट अथवा मोबाइल ऐप का उपयोग करें।






















