London: पूर्वी लंदन के एक भारतीय रेस्तरां में आग लगाने के मामले में 17 वर्षीय दो नाबालिगों को 10-10 साल जेल की सजा सुनाई गई। इस घटना में रेस्तरां में खाना खा रहे लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। लंदन की ओल्ड बेली अदालत को पिछले सप्ताह बताया गया कि अगस्त 2025 में ये दोनों नाबालिग चाकू लेकर गैंट्स हिल स्थित ‘इंडियन अरोमा’ रेस्तरां में घुसे और उन्होंने दरवाजे बंद कर दिए जबकि तीसरे व्यक्ति ने रेस्तरां के अंदर ईंधन छिड़ककर आग लगा दी। न्यायाधीश माइकल ग्रीव ने शुक्रवार को सजा सुनाते हुए दोनों नाबालिगों से कहा, “आप दोनों इस बात से पूरी तरह वाकिफ थे कि इसका परिणाम गंभीर हो सकता है और अजनबियों की मौत भी हो सकती थी।
न्यायमूर्ति ग्रीव ने पीड़ितों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें “बेहद पीड़ा हुई और उन्हें ऐसी चोटें आईं जिनसे उनकी जिंदगी बदल गयी। स्थिति इससे भी बदतर हो सकती थी।” उन्होंने नाबालिगों पर “बेरहमी से” हमला करने का आरोप लगाया। नाबालिग होने के कारण दोनों आरोपियों के नाम नहीं बताए गये। अदालत ने दोनों को 10 साल की हिरासत और उसके बाद कड़ी निगरानी वाली शर्तों के तहत तीन साल की विस्तारित अवधि की सजा सुनाई। अदालत को बताया गया कि दोनों नाबालिग एक तीसरे व्यक्ति के साथ रेस्तरां में घुसे थे। अदालत को बताया गया कि उस समय वहां आठ ग्राहक खाना खा रहे थे। तीसरा व्यक्ति रेस्तरां के पिछले हिस्से में गया और फर्श तथा मेजों पर पेट्रोल डाल दिया। आग लगाने के बाद तीनों चोरी की कार में फरार हो गए।



















