न्यूयॉर्क: अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने भारतीय प्रवासी समुदाय को नवरात्र और ‘सिंदूर खेला’ समेत विभिन्न हिंदू त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आत्मचिंतन और नयी शुरुआत का अवसर है। ममदानी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”इस सप्ताह हमारे हिंदू पड़ोसी नवरात्र के दौरान देवी दुर्गा की पूजा कर रहे हैं। वे गरबा करेंगे, सिंदूर खेला के जरिए देवी दुर्गा की आराधना करेंगे, बड़ों से टीका लगवाएंगे, अपने घरों में गोलू सजाएंगे और कई अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।”
उन्होंने कहा, ”आप इस त्योहार को चाहे दुर्गा पूजा, दशईं, दशहरा या नवरात्र के रूप में मनाते हों, मेरी कामना है कि यह पर्व आपको आत्मचिंतन करने और नए सिरे से शुरुआत करने का अवसर दे।” न्यूयॉर्क शहर, न्यूयॉर्क राज्य और अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में कई हिंदू संगठनों ने दुर्गा पूजा, नवरात्र और अन्य त्योहारों को धूमधाम से मनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। न्यूयॉर्क के व्हाइट प्लेन्स स्थित ‘हिंदू टेंपल ऑफ ट्राई-स्टेट’ ने नवरात्र और दुर्गा पूजा के अवसर पर कई दिनों तक चलने वाले कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिनमें डांडिया, गरबा, अष्टमी पूजा और कन्या पूजन शामिल हैं। भारतीय-अमेरिकी और अन्य प्रवासी समुदायों के लोग बड़ी संख्या में इन उत्सवों में हिस्सा लेते हैं।





















