सहारनपुर: बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (SP) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बी टीम करार देते हुए दावा किया कि (सपा प्रमुख) अखिलेश यादव की राजनीति की कोई दिशा तय नहीं है। बसपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भतीजे आनंद ने सहारनपुर के सोराणा में एक जनसभा में कहा कि अखिलेश यादव कभी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) में पंडितों की बात करते हैं तो कभी पिछड़ों की।
आनंद ने तंज किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की ‘डबल इंजन’ की सरकार है, इसलिए तेल ज्यादा पीती है। उन्होंने सपा की तरह भाजपा की सरकार में भी ”जंगल राज” का आरोप लगाया। आनंद ने सभा में भाजपा और सपा के बीच रिश्ता होने का दावा करते हुए कहा, ”समाजवादी पार्टी ने भाजपा के राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवानी के पुत्र धनराज नाथवानी को राज्यसभा चुनाव में टिकट दिया और वह जीते। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने एक बयान में अखिलेश यादव को अपना दोस्त बताते हुए कहा था कि वह समय-समय पर उनकी मदद करते रहते हैं।”
“भाजपा और सपा दोनों की सरकारों में जंगल राज”
बसपा नेता ने दावा किया, “पिछले 10 साल में भाजपा की सरकार न तो शिक्षा दे पाई, न हमारी बहन-बेटियों को सुरक्षा दे पाई और न ही हमारे युवाओं को रोजगार दे पाई। यह जरूर कहा जाता है कि बाबा (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) की सरकार ”एनकाउंटर” वाली सरकार है, लेकिन हकीकत एवं आंकड़े कुछ और बताते हैं। पिछले 10 साल में उत्तर प्रदेश हत्या के मुकदमे दर्ज होने के मामले में देश में नंबर वन है, महिलाओं पर अत्याचार के मामले भी सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में हैं।” उन्होंने कहा कि यह सब देखकर कहा जा सकता है कि ”यहां केवल जंगलराज है। भाजपा और सपा दोनों की सरकारों में जंगल राज ही देखने को मिला।

























