आसमान में बम की धमकी से मचा हड़कंप; आयरलैंड से इटली जा रही उड़ान की फ्रांस के सैन्य हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग

0
1
आसमान में बम की धमकी से मचा हड़कंप; आयरलैंड से इटली जा रही उड़ान की फ्रांस के सैन्य हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग

आयरलैंड से इटली जा रही एक उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को पश्चिमी फ्रांस स्थित एक सैन्य हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। फ्रांस के प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। विमान को नॉरमैंडी के एव्रू स्थित सैन्य हवाई अड्डे पर उतारा जाएगा। प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के कार्यालय ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। इस संबंध में कोई अन्य जानकारी नहीं दी गई। उड़ानों पर नजर रखने वाली एक वेबसाइट के अनुसार, एर लिंगस की डबलिन-रोम उड़ान पेरिस के करीब पहुंच रही थी, तभी उसने अचानक अपना मार्ग बदल लिया और एव्रू की ओर बढ़ने से पहले कई चक्कर लगाए।

अधिकारियों के अनुसार, इस सप्ताह यूरोप में कई उड़ानों को बम की झूठी धमकियां मिलीं, जिसके चलते विमानों की तलाशी ली गई, उनका मार्ग बदला गया और एक मामले में इतालवी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उन्हें सुरक्षा दी। इन उड़ानों में पोलिश एयरलाइन एलओटी, स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस, विज एयर और रयानएयर के विमान शामिल थे। ये झूठी धमकियां उस घटना के एक दिन बाद मिलीं, जब बुल्गारिया जा रहे एक विमान को हवा में इसी तरह की बम की धमकी मिलने के बाद हंगरी की ओर मोड़ दिया गया था।

इस तरह की धमकियां कोई नयी बात नहीं हैं, लेकिन ये ऐसे समय में सामने आई हैं जब भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है और यूरोप में व्यवधान पैदा करने वाली घटनाओं के संकेत मिल रहे हैं। इनमें सुपरमार्केट की प्रशीतन प्रणालियों पर हमले, यूरोप में ड्रोन की घुसपैठ और चेतावनी देने वाले मोबाइल ऐप को रहस्यमय तरीके से सक्रिय किया जाना शामिल है। इस बीच प्राधिकारियों ने ‘हाइब्रिड’ खतरे लगातार बने होने को लेकर आगाह किया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here