गोरखपुरः विपक्षी दलों पर देश में दंगे और बम धमाकों का दौर वापस लाने की मंशा रखने का आरोप लगाते हुये भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं अभिनेता रवि किशन ने बुधवार को कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लगातार चुनावी जीत और भाजपा की बढ़ती राजनीतिक ताकत को स्वीकार नहीं कर पा रहा है।
गोरखपुर में राजग की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किशन ने आरोप लगाया कि विपक्षी ताकतें देश को अस्थिर करना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा देश विरोधी ताकतों और कथित ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के खिलाफ है, जो भारत में दंगे और मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर बम धमाके देखना चाहते हैं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि वह यह स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि मोदी लगातार चुनाव कैसे जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा 2014 से चुनाव जीत रही है, जबकि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की चर्चा अब हो रही है।
























