संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव में आदर्श आचार संहिता न्यायिक कक्षों में गतिरोध उत्पन्न करने वाले प्रत्याशियों पर होगी सख्त कार्रवाई

0
253

प्रतापगढ़। संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर गुरुवार को तहसील परिसर में प्रत्याशियो के बीच बैठक हुई।संघ के निर्वाचन को लेकर प्रत्याशियों को नियमावलियों तथा चुनाव आदर्श आचार संहिता की जानकारियां प्रदान की गयी। संघ के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने प्रत्याशियो को बताया कि प्रचार प्रसार के तहत न्यायिक कक्षों मे किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री का उपयोग नही किया जाएगा। तहसील अथवा दीवानी न्यायालय मे चुनाव प्रचार के दौरान न्यायिक कार्य में किसी भी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न नही किया जाएगा। निर्देश का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ संघ के बनाये नियमों के तहत कार्यवाही की जाएगी। चुनाव समिति के पदाधिकारियों ने प्रत्याशियों से आपसी सौहार्द के बीच चुनाव प्रचार का सकारात्मक माहौल बनाये जाने का अनुरोध किया। समिति द्वारा  छः मई को प्रत्याशियों के दक्षता भाषण की भी प्रक्रिया की जानकारियां प्रदान की गयी। समिति ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता हेतु एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में तहसील एवं दीवानी परिसर में देखरेख के लिए एक उप समिति का भी गठन किया है। समिति द्वारा पन्द्रह बिंदुओं की आचार संहिता को प्रभावी बनाए जाने का भी प्रत्याशियों की सामूहिक बैठक में जानकारी दी गयी। बैठक का संचालन महामंत्री देवी प्रसाद मिश्र ने किया। बैठक में अनिल त्रिपाठी, टीपी यादव, राममोहन सिंह, अजय शुक्ल गुडडू, शिवाकांत उपाध्याय, कालिका प्रसाद पाण्डेय, वीरेन्द्र सिंह अगई, राधारमण शुक्ल, बेनीलाल शुक्ल, लाल राजेन्द्र सिंह, राव वीरेन्द्र सिंह, रामलगन यादव आदि मौजूद रहे।

दहेज उत्पीड़न के आरोपी भेजे गए जेल

प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर गुरूवार को जेल भेज दिया। लालगंज कोतवाली के दरोगा सुरेंद्र सिंह फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। इस बीच दहेज उत्पीडन के मुकदमे में वांछित आरोपी कोहारन का पुरवा जमालपुर निवासी राजाराम के पुत्र रामभवन तथा बृजभवन व पंचम के पुत्र राजाराम गांव में पुलिस के हत्थे चढ़ गये। पुलिस ने आरोपियों को विवाहिता के साथ मारपीट, गालीगलौज, धमकी एवं दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में जेल भेज दिया।

आग लगने से कई किसानों के गेहूं की फसल जली

प्रतापगढ़। आग लगने से पककर तैयार हुई गेंहू की फसल जलकर राख हो गयी।गुरूवार की दोपहर मनीपुर चंदापुर गांव में गेहूं की फसल में अचानक आग फैल गयी। फसल में आग की लपटें देख किसान परेशान हो उठे। गांव के अनिल कुमार की पत्नी भाग्यश्री के ढाई बीघे खेत में गेहूं की खडी फसल आगजनी में जलकर राख हो गयी। कालिका प्रसाद शुक्ल का बाइस क्विंटल तथा जगन गुप्ता का दस क्विंटल खेत में रखा भूसा भी आगजनी में नष्ट हो गया। गांव के रामराज तथा लल्लू कोरी का भी भूसा जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर सांगीपुर से फायर बिग्रेड की टीम पहुंची तो टीम व ग्रामीणों की घंटो मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लालगंज फायर बिग्रेड की टीम महेशगंज थाने के अन्तर्गत किसी गांव में अप्रत्याशित आगजनी की सूचना पर गयी हुई थी। फसल नुकसान होने से खेत पहुंचे किसानों के चेहरे पर मायूसी देखी गयी। तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह का कहना है कि फसल नुकसान का आकलन कराने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित किया गया है।

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने युवती के साथ शादी का झांसा देकर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म तथा जालसाजी का केस दर्ज किया है। लालगंज कोतवाली के एक गांव की पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि संग्रामगढ़ थाना के पण्डित का पुरवा निवासी आरोपी कलेश्वर पटेल के पुत्र नरेन्द्र पटेल ने बीती उन्नीस अप्रैल को उसे शादी का झांसा देकर चंदौली बुलवाया। यहां रात में उसे सुबह शादी का झांसा देकर शारीरिक सम्बन्ध बना लिया। अगली सुबह पीडिता को आरोपी गोपीगंज ले आया। यहां आरोपी ने अपने भाई को बुलवाकर उसे प्रतापगढ़ के बाबागंज वाहन से छोड दिया। पीडिता ने अपने मौसेरे भाई को फोन पर सूचना देकर बुलवाया तब घर पहुंची। घर पहुंचकर पीडिता ने परिजनों से आपबीती बतायी। इस पर पीडिता की मां ने आरोपी के परिजनो को जानकारी दी। इस पर परिजन भडक उठे और गालीगलौज करते हुए जानलेवा धमकी दी। आरोपी के परिजनों ने आरोपी की कहीं और शादी कर देने की भी बात कही। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुरूवार को आरोपी नरेन्द्र पटेल के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक अवन दीक्षित का कहना है कि केस दर्ज किया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

ओवरटेक कर रही कार की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों का हंगामा

प्रतापगढ़। बेटे के पास प्रयागराज जा रहे बाइक सवार को ओवर टेक करने के चक्कर में  कार ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाबूराय जहांपुर निवासी सुनील कुमार सिंह उर्फ मुन्नू (50) पुत्र देवीदयाल सिंह गुरुवार की सुबह प्रयागराज में पढ़ाई कर रहे बेटे शिवम सिंह के पास जा रहे थे। वह बाइक पर राशन समेत अन्य सामान लिए थे। वह महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज बाबागंज मार्ग पर झींगुर तिराहे के पास पहुंचे ही थे कि कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से सुनील बाइक समेत खड्ड में जा गिरे व कार पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में महेशगंज इलाके के कोटवा झींगुर ग्राम निवासी कार सवार सुशील कुमार सरोज पुत्र दयाराम और उसका रिश्तेदार अतुल कुमार निवासी कानपुर नगर भी घायल हो गया। लोगों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया लेकिन सुनील की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि कार सवार घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। लोगों ने बताया कि सामने से डंपर आ रहा था, उसी को ओवर टेक करने के चक्कर में कार चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हालांकि कि कुछ लोगों में भ्रम की स्थिति रही कि बाइक सवार को डंपर ने टक्कर मारी है। घटना की  सूचना पर महेशगंज, संग्रामगढ़ व लालगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित भीड़ गंगा एक्सप्रेस वे में डंपर चालकों और उनके ठेकेदारों की मनमानी को लेकर विरोध कर रही थी। बाद में एसडीएम कुंडा भरतराम पहुंचे तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाया और आश्वासन दिया कि गंगा एक्सप्रेसवे में मिट्टी की ढुलाई में लगे डंपरों की स्पीड और ठेकेदारों की मनमानी पर कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान करीब दो घंटे तक हीरागंज बाबागंज मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहा। सुनील की मौत पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हुआ है। सुनील खेती और लखपेड़ा बाजार में पटरी बल्ली की दुकान खोलकर करके अपने परिवार का पेट पालतें थें। मृतक का इकलौता पुत्र शुभम सिंह है। उससे बड़ी मृतक की दो पुत्रियां रोली और रीना हैं। पत्नी मंजू समेत सबका रो रो कर बुरा हाल हुआ है। एसएचओ महेशगंज श्रवण सिंह का कहना है कि मृतक के भाई ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज करके कार्यवाही की जा रही है।

उपकेंद्र के हेल्पर के खिलाफ साथियों ने मोर्चा खोला

प्रतापगढ़।रूपापुर उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ हेल्पर सत्यवान सिंह के खिलाफ वहां के कर्मचारियों ने मोर्चा खोला दिया है। उसके ऊपर तमाम आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने एसडीओ नगर को ज्ञापन देकर हटाने की मांग की है। एसडीओ को दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि हेल्पर सत्यवान सिंह का व्यवहार ठीक नहीं है। कर्मचारियों से तालमेल नहीं है। स्टाफ से गाली गलौज करता है। कार्यशैली ठीक नहीं है। एसएसओ रविंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने मांग की है कि सत्यवान का ट्रांसफर किया जाए। तभी बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से हो सकेगी। एसएसओ रविंद्र प्रताप सिंह ने एक और पत्र उपखंड अधिकारी प्रथम नगर को अपनी तरफ से लिखा है। जिसमें एसएसओ शशि शेखर पर गुंडई करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसने इस बारे में कई बार जेई को अवगत कराया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबध में रूपापुर के जेई संदीप कुमार का कहना है कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।

दिव्यांग व 85 वर्ष से ऊपर उम्र के मतदाता से घर-घर जाकर कराएं वोट-डीएम

प्रतापगढ़। गुरुवार को एआरओ तथा सम्बन्धित अधिकारियों और कर्मचारियों की एक प्रशिक्षण कार्यशाला विकास भवन सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। प्रशिक्षण कार्यशाला को पावर प्वाइन्ट प्रजेन्टेशन के माध्यम से राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर डा0 विन्ध्याचल सिंह, डा0 मो0 अनीस एवं धर्मेन्द्र ओझा ने विस्तार पूर्वक सभी महत्वपूर्ण पहलुओं को बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि पोलिंग पार्टियां दिव्यांग मतदाता एवं 85 साल से ऊपर के मतदाता के घर-घर जाकर वोट करायेगें। जो भी इस तरह के मतदाता है उनको बीएलओ एवं लेखपाल के माध्यम से पहले ही सूचित किया जाना चाहिए। जिससे घर पर मिले और वोट करा सके। प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक नवनीत सेहारा ने कहा कि यह प्रशिक्षण बहुत ही महत्वपूर्ण है इसे गम्भीरता पूर्वक लें। डा0 मो0 अनीस एवं धर्मेन्द्र ओझा ने पावर प्वाइन्ट प्रजेन्टेशन के माध्यम से पोस्टल बैलेट की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।इस अवसर पर एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी प्रभारी अधिकारी पोस्टल बैलेट राजेश कुमार देवरार व अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।

डीएम ने की महिला कल्याण विभाग द्वारा करायी गयी वाल पेन्टिंग की सराहन

प्रतापगढ़। विकास भवन में महिला कल्याण विभाग द्वारा करायी गयी मनमोहक वाल पेन्टिंग चित्रकला का अवलोकन गुरुवार को जिलाधिकारी संजीव रंजन व मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने महिला कल्याण विभाग की इस मनमोहक एवं अद्भूत वाल पेन्टिंग चित्रकला की प्रशंसा की। महिला कल्याण विभाग द्वारा वाल पेन्टिंग में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मिशन शक्ति आदि से सम्बन्धित मनमोहक चित्रकला आकर्षण का केन्द्र बना है। यह पेंटिंग सीडीओ के निर्देश पर कराई गई है।

बैठक में डीएम के अधिकारियों को निर्देश

आचार संहिता का क्षेत्रों में कड़ाई से कराएं अनुपालन 

प्रतापगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय के सभागार में गुरुवार को प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने चुनाव आयोग के एक-एक निर्देशों के बारे में विस्तार से चर्चा की। चुनाव के संबंध में तैयारियों की बिन्दुवार समीक्षा की।  सम्बन्धित प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। सभी प्रभारी अधिकारियों ने चुनाव के समंध में सौपे गये कार्याे व तैयारियों के सम्बन्ध में डीएम को जानकारी दी। डीएम ने प्रभारी अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन कार्य को कुशलतापूर्वक, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से समयान्तर्गत सम्पन्न कराने के प्रति उत्तरदायी होगें। यदि किसी कार्य के सम्पादन में कोई कठिनाई हो रही है तो उसे सम्बन्धित उच्चाधिकारी को संज्ञान में लाकर उसका निराकरण करते हुये चुनाव सम्पन्न करायें। विधानसभावार जो भी कार्य किये जाये उन सबका लेखा-जोखा रखा जाये। अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाये। उन्होने निर्देशित किया कि उड़नदस्ता टीमों द्वारा जो भी नकदी पकड़ी जाये उसे कोषागार के डबल लॉक में रखा जाये। उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का क्षेत्रों में कड़ाई से अनुपालन कराया जाये। अपने अपने क्षेत्रों में निरन्तर निगरानी करते रहे। यदि कहीं भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन पाया जाये तो आवश्यक कार्रवाई की जाये। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक करने को कहा। बैठक में सीडीओ नवनीत सेहारा, एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, डीडीओ राकेश प्रसाद सहित समस्त उपजिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीएम ने दो गुण्डों को जिला बदर व एक का किया शस्त्र लाइसेंस  निरस्त

प्रतापगढ़। क्षेत्रों में आतंक व भय पैदा करने वाले तथा जिनके  विरूद्ध कोई भी व्यक्ति कुछ बोलने अथवा साक्ष्य देने का साहस नहीं करता है ऐसे दो गुंडों को जिला मजिस्ट्रेट संजीव रंजन ने गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा-3(3) के तहत जिले से 06 माह के लिये निष्कासित कर दिया है। उन्होने थाना सांगीपुर ग्राम भैंसना के साबिर पुत्र गुलजार तथा थाना मानिकपुर ग्राम मिरगढ़वा के सोनू सोनकर पुत्र राम बाबू को जनपद की सीमा से 06 माह के लिये निष्कासित कर दिया है। इसके अलावा शस्त्र लाइसेंसी जो आपराधिक क्रिया-कलाप में लिप्त होने एवं शस्त्र अनुज्ञा-पत्र की शर्ताे का उल्लंघन करने के दोषी पर भी कार्यवाही की है। थाना मानिकपुर ग्राम चौकापारपुर के बृंदावन मौर्या उर्फ मुनी यादव सुत भगवती प्रसाद के शस्त्र डीबीबीएल लाइसेंस को निरस्त कर दिया है।