अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उनके आकलन में ईरान के साथ युद्ध सैन्य दृष्टि से लगभग समाप्त हो चुका है। उनके इस बयान को फिलहाल ईरान पर दोबारा बड़े सैन्य हमले शुरू नहीं करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ बैठक के बाद ट्रंप अचानक व्हाइट हाउस के संवाददाता सम्मेलन कक्ष पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ”ईरान सैन्य दृष्टि से लगभग समाप्त हो चुका है। हम फिलहाल यथास्थिति बनाए हुए हैं।” ट्रंप ने दावा किया कि ईरान का नेतृत्व खत्म कर दिया गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका अब ऐसे दीर्घकालिक समाधान की तलाश कर रहा है, जिससे ईरान के परमाणु कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
ईरान पर दोबारा हमले शुरू करने की धमकियों के बीच ट्रंप का यह अब तक का सबसे स्पष्ट बयान माना जा रहा है। पिछले सप्ताह हुए मध्यावधि चुनावों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी को अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। आठ महीने से जारी युद्ध को लेकर अमेरिकी मतदाताओं में असंतोष बढ़ा है। इस संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों में भारी उछाल आया है और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लगभग हर क्षेत्र पर इसका असर पड़ा है। ऐसे में ट्रंप पर युद्ध को लेकर घरेलू दबाव भी बढ़ रहा है। पत्रकारों से बातचीत से ठीक पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के सहयोगी देश कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और कुवैत सहित अन्य देश मौजूदा स्थिति बनाए रखना पसंद करेंगे।इसके कुछ मिनट बाद पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने युद्ध से परेशान अमेरिकी नागरिकों को भरोसा दिलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि सकारात्मक प्रगति हो रही है और उन्हें उम्मीद है कि यह युद्ध समाप्त हो सकता है। हालांकि, ट्रंप ने ईरान के तट के निकट तैनात हजारों अमेरिकी सैनिकों की वापसी को लेकर कोई संकेत नहीं दिया। ये सैनिक वैश्विक बाजार में ईरानी तेल की आपूर्ति रोकने के उद्देश्य से जारी अमेरिकी नाकेबंदी को बनाए हुए हैं। इससे संकेत मिलता है कि युद्ध को सैन्य दृष्टि से लगभग समाप्त बताने के बावजूद अमेरिका ने ईरान पर अपना रणनीतिक और आर्थिक दबाव पूरी तरह खत्म नहीं किया है।






















