एलायंस क्लब ने दिलाई शत प्रतिशत मतदान की शपथ
प्रतापगढ़। एलायंस क्लब ने सोमवार को नगर क्षेत्र के गांवों में बैठक कर शत प्रतिशत मतदान के लिए ग्रामीणों को शपथ दिलाई। उन्हें लोकतंत्र में वोट के महत्व को बताया गया। क्लब के इंटरनेशनल डायरेक्टर रोशन की अगुवाई में सदस्यों ने बेनीपुर, कांपा टेकार, सरायदली आदि जगहों पर ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया। रोशनलाल ने ग्रामीणों से कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और विकास के लिए मतदान करना प्रत्येक नागरिक का प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि मतदान मंे महिलाओं की भूमिका अहम है। 39 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र प्रतापगढ़ में 25 मई को छठें फेज में मतदान करना सबकी जिम्मेदारी है। मतदान के प्रति नारे भी लगाए गये। इस मौके पर डा0 दयाराम मौर्य, आनंद मोहन ओझा, सुनील कुमार सिंह, डा0 विनय कुमार श्रीवास्तव, प्रेम कुमार त्रिपाठी, राजीव कुमार आर्य, छेदीलाल, राकेश कन्नौजिया समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
राजा ईवीएम से पैदा होता है रानी के पेट से नहीं, अनुप्रिया पटेल के बयान पर राजाभैया का पलटवार
कहा ईवीएम से राजा नहीं जनप्रतिनिधि पैदा होते हैं
प्रतापगढ़। मानिकपुर के मिलिट्री ग्राउण्ड में दो दिन पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने नाम लिए बिना राजाभैया पर जुबानी हमला बोला था। वह कौशांबी के भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार सोनकर के समर्थन में जनसभा को संबोधित करन दौरान राजाभैया पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि राजा ईवीएम से पैदा होता है रानी के पेट से नहीं। अनुप्रिया पटेल का यह बयान राजनैतिक हलकों व सोशलमीडिया में सुर्खियां बनी हैं। अनुप्रिया पटेल के इस बयान पर जब राजाभैया से पूंछा गया तो उन्होंने बड़े ही सालीनता से जवाब दिया कि ईवीएम से जनसेवक, जनता का प्रतिनिधि पैदा होता है। राजा रानी अब पैदा होना बंद हो गये है। ईवीएम से पैदा होने वाले अगर अपने को राजा मान लेंगे तो लोकतंत्र की मूल भावना ही खत्म हो जाएगी। राजतंत्र तो कब का खत्म हो गया। कुछ कुंठित लोग हैं जो इस प्रकार की बात करते हैं। दरअसल राजाभैया का कौशांबी लोकसभा में प्रतापगढ़ की बाबागंज व कुण्डा विधानसभा में खासा प्रभाव है। इस बार उन्होंने अपनी पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से प्रत्याशी नहीं खड़ा किया है। इसलिए उनका समर्थन पाने के लिए भाजपा व सपा के शीर्ष नेता एड़ी चोटी की ताकत लगाए। राजाभैया ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों संग मीटिंग कर किसी भी पार्टी को खुलकर समर्थन न करने का निर्णय लिया था। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को अन्तरात्मा की आवाज पर किसी भी दल के प्रत्याशी को वोट करने की खुली छूट दी थी। अब सभी पार्टियों को मालूम है कि उनके समर्थन के बिना कौशांबी सीट पर विजय पाना आसान नहीं है। इसके बाद राजाभैया के समर्थक दो खेमों में बंट गये कुछ भाजपा व कुछ सपा को समर्थन करने लगे। बड़े पदाधिकारी खुलकर सपा का समर्थन करने में जुट गये। इसी मुद्दे को लेकर केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने राजाभैया पर उन्हीं के गढ़ में टिप्पणी की थी।
राजपरिवार की अनदेखी से क्षत्रिय समाज नाराज, बैठक कर भाजपा को वोट न करने का लिया निर्णय
प्रतापगढ़। भाजपा प्रत्याशी सांसद संगमलाल गुप्ता के कार्यों से क्षत्रिय समाज बेहद खफा है। रविवार को मानधाता थाना क्षेत्र के हैंसी कोट में क्षत्रिय समाज की बैठक हुई। जिसमें सांसद रहते भाजपा प्रत्याशी द्वारा क्षत्रियों के ऊपर अभद्र टिप्पणी करने समेत दमनकारी नीतियों की चर्चा हुई। क्षत्रियों ने सामूहिक रूप से सपा प्रत्याशी डा0 एसपी सिंह पटेल को समर्थन देने का एलान किया। बैठक में शामिल रहे क्षत्रिय समाज के अगुवा तेज सिंह ने बताया कि सांसद रहते संगमलाल गुप्ता ने सोमबंशी राजा अनिल प्रताप सिंह पर फर्जी मुकदमें करवाना, क्षत्रियों को अपशब्द कहना, क्षेत्र में उपलब्ध न रहना आदि कारणों से भाजपा प्रत्याशी को समर्थन न करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि हम लोग भाजपाके समर्थक हैं। मगर पार्टी ने गलत व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया है। बैठक में मुद्दा छाया रहा कि विश्वनाथगंज व सदर विधानसभा क्षेत्र सोमबंसी क्षत्रियों का गढ़ है। भाजपा का वरिष्ठ नेता होते हुए संगम के इशारे पर पीएम व सीएम की जनसभा में राजा अनिल प्रताप सिंह की अनदेखी की गई। इस बात पर क्षत्रिय समुदाय सांसद संगमलाल से बेहद नाराज दिखा। बैठक में अनिल राजा के अपमान का मुद्दा विस्तार से उठाया गया। क्षत्रियों ने एक सुर मंे निर्णय लिया कि यदि राजा एक इशरा करें तो उनके नाम पर मर मिटने को तैयार हैं। क्षत्रिय अगुवाकारों ने कहा कि सोमबंसी राजा की प्रतिष्ठा के साथ जो खिलवाड़ हुआ है उसके उत्तरदायी लोगों को सबक सिखाया जाए। बतादें कि सिटी स्थित सोमबंशी राजघराना एक समय था जब राजनीति की बुलंदियों पर था। राजा के किले से प्रदेश की राजनीति प्रभावित होती थी। जानकारों का मानना है कि यदि अनिल राजा के अपमान का क्षत्रियों की बीच मुद्दा बन गया तो भाजपा को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ेगा। हलांकि क्षत्रिय समाज हमेश से भाजपा का समर्थक रहा है। लेकिन मौजूदा प्रत्याशी की हरकतों से भाजपा की किरकिरी हो रही है।
आज आएंगे डिप्टी सीएम पूर्व विधायक व सांसद प्रत्याशी में ठनी
प्रतापगढ़। प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मंगलवार को रानीगंज के लच्छीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में रानीगंज के पूर्व विधायक धीरज ओझा के धुर विरोधी पूर्व ब्लाक प्रमुख विनोद दूबे को सांसद संगमलाल गुप्ता पार्टी में ज्वाइन कराना चाहते हैं। पूर्व विधायक ने सांसद के इस निर्णय का विरोध कर रहे हैं। पूर्व विधायक धीरज ओझा व सांसद संगमलाल गुप्ता के बीच रार किसी से छिपी नहीं है। कई मौकों पर एक दूसरे पर जुबानी हमला करते रहे हैं। धीरज ओझा को मात देने के लिए संगमलाल गुप्ता रानीगंज से विनोद दूबे को पार्टी में ज्वाइन कराना चाहते हैं। विनोद दूबे को पार्टी में ज्वाइन कराने को लेकर दोनों के बीच रार आम न हो जाए इस मुद्दे पर सोमवार को जिले के संगठन के बीच बैठक हुई। जिसमें एक धड़ा विनोद दूबे के आपराधिक इतिहास को बताते हुए उन्हें पार्टी में ज्वाइन कराने का विरोध कर रहा है। जबकि संगमलाल का धड़ा उन्हें पार्टी में ज्वाइन कराने पर आमादा है। संगठन के एक नेता ने बताया कि संगमलाल गुप्ता संगठन से ऊपर अपने को मानते हैं। संगम के कृत्यों से पार्टी की छीछालेदर हो रही है। पार्टी में शीर्ष नेतृत्व में एक बड़े नेता से पकड़ के चलते टिकट हासिल करने में हर बार सफल हो जाते हैं। यही कारण है कि संगमलाल यहॉ के नेताओं को कोई तबज्जो नहीं देते। उनका मानना है कि मोदी योगी के सहारे हम चुनाव जीत लेंगे। मगर उनका यह धमंड उन्हें भारी पड़ सकता है।
नीतू किन्नर ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को बॉटे वस्त्र
प्रतापगढ़। नगर क्षेत्र के महुली स्थित वृद्धाश्रम में सोमवार को केतकी वेलफेयर सेवा संस्थान की तरफ से किन्नर नीतू ने बुजुर्गों को वस्त्र वितरित किए। संस्था की अध्यक्ष वन्दना उपाध्याय ने बुजुर्गों को दवाएं भी वितरित कराईं। किन्नर नीतू की नेक नीयती की वन्दना उपाध्याय ने सराहना की। संस्थान की अगुवा वन्दना ने आश्रम के बुजुर्गों से उनका दुख दर्द भी साझा किया। इस मौके पर आश्रम के प्रबंधक अम्बिका प्रसाद, नीतू गौतम समेत संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा को किया संबोधित
प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सोमवार को देहात कोतवाली के मोहनगंज में गठबंधन के सपा प्रत्याशी डा0 एसपी सिंह पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पीडीए की मजबूती ही भाजपा को सत्ता से दूर कर रहा है। लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की सुरक्षा, बेरोजगारों को रोजगार, किसानों को एमएसपी, महिलाओं की सुरक्षा, पुरानी पेंशन बहाली, किसानों की कर्ज माफी, गरीबों को निःशुल्क इलाज जैसे मुद्दों को लेकर इंण्डिया गठबंधन का प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन मंदिर, मस्जिद, हिन्दू, मुसलमान मंे अटका हुआ है। उसे देश के आम आदमी की मूल भूत सुविधाओं से कुछ लेना देना नहीं है। पूर्व मंत्री राम आसर विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश व केन्द्र की भाजपा सरकार जनता को विकास का झूठा सपना दिखाकर हर कदम पर असहनीय पीड़ा पहुंचाई है। जनसभा को आशुतोष पांडे, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल, विधायक आर के पटेल, मुन्ना यादव, शांति सिंह, विछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मनीष पाल, पूर्व एमएलसी कांति सिंह पटेल आदि ने भी जनसभा को संबोधित किया। सपा नेताओं ने गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व एमएलसी डा0 एसपी सिंह पटेल को भारी मतों से जिताने की अपील की। जनसभा में लोक गायिका प्रीती पाल ने अपनी बिरहा की प्रस्तुति से लोगों के बीच समा बांधे रखा। इस मौके पर मीडिया प्रभारी वकार अहमद, संजय पांडे, जावेद खान, भैयाराम पटेल, अनिल यादव, गुलफाम, समीम खान समेत पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व भारी तादात में लोग मौजूद रहे।
नियम के विरुद्ध मोबाइल से कराई जा रही ट्रेनों की शटिंग
मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर खतरा मोल ले रहे कर्मचारी
प्रतापगढ़। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर ज़िम्मेदार लोगों को खतरों से खेलने का बड़ा शौक है। परिचालन का नियम ताक पर रखकर यहां पर ट्रेनों की शटिंग झंडी और बत्ती से न कराकर मोबाइल से कराई जा रही है। इसको कराने वाले कर्मचारी भी खतरों के खिलाड़ी से कम नहीं हैं जो आए दिन जान और नौकरी दोनो जोखिम में डालकर शटिंग करते हैं। किसी दिन ऊपर नीचे हो जायेगा तो छोटे कर्मचारी पर सारा दोष मढ़कर अफसर अपना सेफ निकल जायेंगे। रेलवे में परिचालन के नियम कहता है कि वाकी टाकी और मोबाईल इत्यादि से गाड़ियों की शटिंग नहीं कराई जा सकती है। इसके लिए अलग से नियम और तरीका बनाया गया है। नाम न छापने की शर्त पर कुछ कर्मचारियों ने बताया है कि मोबाइल से शटिंग कराई जाती है। जब वे मना करते हैं तो कार्रवाई की धमकी दी जाती है। लोको इंस्पेक्टर अनिल शुक्ला का कहना है कि मोबाइल और वाकी टाकी से ट्रेनों की शटिंग नियम विरुद्ध है। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। अगर कोई कर्मचारी मिलता है तो उसकी रिपोर्ट डीआरएम से की जायेगी।
ट्रेन परिचालन के नियम-
शटिंग के दौरान एक सक्षम रेल कर्मचारी अपने हैंड सिग्नल के संकेत के द्वारा लोको पायलट से शटिंग कार्य करवाएगा। वह रेल कर्मचारी दिन में लोको पायलट को लाल और हरी झंडी द्वारा और रात में लाल और हरी बत्ती से संकेत दिखायेगा। यदि शटिंग के दौरान हैंड सिग्नल का लाल संकेत खराब हो जाए तो रुकवाने के लिए सफेद बत्ती का संकेत दिखाया जायेगा। शटिंग करवाने वाला कर्मचारी लटककर या फिर काऊ कैचर पर बैठकर शटिंग नहीं कराएगा।
वोटरलिस्ट में नाम न होने से वापस लौटे मतदाता
प्रतापगढ़। संसदीय सीट कौशाम्बी में शामिल कुंडा और बाबागंज के मतदान केंद्रों पर सोमवार को वोट देने पहुंचे तमाम लोग निराश होकर घर लौट गए। लौटने वालों का नाम मतदाता सूची में नहीं था। यही नहीं तमाम वोटरों के घर मतदाता पर्ची भी नहीं पहुंची थी, जिससे वोटरों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। वही बाबागंज विधानसभा के गोगहर बूथ पर अनीता, रंजीत श्रीवास्तव, बूथ पर नीरज मौर्य, छंगू गौतम, मोतीलाल मौर्य, पूरे मसवन पर सुरेश कुमार, श्यामलाल, रायकाशीपुर बूथ पर राम दुलारे यादव, ऐमापुर बिन्धन बूथ पर राजेन्द्र प्रसाद सिंह का नाम मतदाता सूची में नहीं था। इसी तरह कुंडा विधानसभा के शीतल का पुरवा बेंती गांव के रामचन्द्र यादव के परिवार में किसी को वोटर पर्ची नहीं मिली। भरचक गांव निवासी अशोक कुमार धुरिया के पूरे परिवार का नाम मतदाता सूची में नहीं था। यही शिकायतें अन्य परिवारों के लोगों से देखने सुनने को मिली।
बिना परमिशन हो रहा अवैध खनन, शिकायत के बावजूद जिम्मेदार मौन
प्रतापगढ़। बाघराय थाना क्षेत्र के माघी, अन्नावा, फूलपुर मौरी, औतारपुर, बूढ़ेपुर, कर्माजीत पट्टी में मानक के विपरीत मिट्टी खनन हो रहा है। जोरों पर चल रहा है। इलाके में कई ऐसे तालाबों की खुदाई हुई जिसका परमीशन ही नही लिया गया है। सुबह, शाम गांव और चौराहे से जुड़े प्रमुख मार्गों पर दिन रात डंपर ट्रॉली आदि वाहनों से धूल मिट्टी से लोगों का दम घुट रहा है। यह सिलसिला पूरी रात और दिन चल रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद अवैध मिट्टी खानन मानक की विपरीत रामवनगमन मार्ग के ठेकेदारों द्वारा किया जा रहा। जिसके चलते कई घटनाएं घटित हो चुकी है। बाघराय थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन के नाक के नीचे दिन रात अवैध खनन के वाहन सड़कों पर फराटे भर रहे हैं। उप जिलाधिकारी कुंडा से भी शिकायत हुई है। बिना नम्बर प्लेट चल रहे डम्फर और बिना परमिशन के खुद गए तालाबों पर मानक से अधिक खुदाई करने के मामले में कोई कार्यवाही नहीं हुई है। ठेकेदारों की मनमानी से इलाके के लोगों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।
अनुप्रिया पटेल के हेलीकॉप्टर में आई खराबी, सड़क मार्ग से पहुंची जनसभा स्थल
प्रतापगढ़। भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता के समर्थन में जनसभा करने क्षेत्र के दुर्गा देई परसनी गांव आईं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के हेलीकॉप्टर में खराबी आ गई। जनसभा खत्म होने के बाद हेलीकॉप्टर स्टार्ट नहीं हुआ। ऐसे में वह कार से लालगंज के पहाड़ापुर गईं। हालांकि उनके जाने के करीब एक घंटे बाद पायलट ने तकनीकी खराबी दूर कर हेलीकॉप्टर स्टार्ट कर लिया। करीब डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर उड़ान भर सका। सोमवार को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में दो जनसभाएं सम्बोधित करनी थीं। पहली जनसभा पट्टी इलाके के दुर्गा देई, परसनी गांव में और दूसरी लालगंज के पहाड़पुर गांव में थी। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल दुर्गादेई परसनी गांव की जनसभा में 11रू40 बजे पहुंच गई थीं। करीब 25 मिनट संबोधन के बाद उन्हें पहाड़पुर निकलना था। इसके लिए वह जनसभा स्थल से हेलीपैड तक पहुंच गई थीं लेकिन ऐन वक्त पर हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। सिग्नल मिलने के बाद पायलट ने पहाड़पुर के लिए उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर उड़ने के बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी की जानकारी होने के बाद तमाम स्थानीय लोग हेलीपैड के आसपास जमा हो गए थे। जिससे पुलिस भी परेशान थी।






















