आरआई की अगुवाई में पुलिसकर्मियों ने किया योगाभ्यास

प्रतापगढ। योग दिवस सप्ताह के तहत रविवार को पुलिस लाइन में आरआई सोम दत्त शुक्ल की अगुवाई में पुलिसकर्मियों ने योगाभ्यास किया। योग शिविर में पुलिसलाइन व एसपी आफिस को मिलाकर लगभग अस्सी पुलिसकर्मियों ने अपने को फिट रखने के लिए योग किया। शारीरिक व मानसिक तनाव को दूर करने के लिए नियमित योगाभ्यास करने की अपील की गई। योग प्रशिक्षक ने कई आसन में योग कराने व प्रत्येक योग से शरीर पर होने वाले लाभों के बारे में बताया। इस दौरान सूबेदार प्रेम नारायण मिश्र, मेजर अनिल कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहकर योगाभ्यास किया। इसी प्रकार जिले के प्रत्येक थानों पर प्रतिदिन सुबह फिट रहने के लिए योगाभ्यास कराया जा रहा है। 

गंगा दशहरा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतिजाम, सीसी टीवी कैमरों से रखी गई नजर, घाटों पर जलाए गये 11 हजार 551 द्वीप

प्रतापगढ़। शहर के सई नदी तट स्थित मॉ बेल्हादेवी धाम पर भव्य गंगा दशहरा पर्व का आयोजन किया गया। इस मौके पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों से भारी तादात में श्रुद्धालु आयोजन में शामिल हुए। मंदिर परिसर को विद्युत झालरों व फूल मालाओं से सजाया गया था। नदी घाट की सीढ़ियों पर 11 हजार 551 दीप जलाए गये। काशी के पुरोहितों ने भव्य गंगा आरती की। घंटे, घड़ियाल के गूंज के साथ पूरा मंदिर इलाका जयकारों से गूंजता रहा। गंगा दशहरा समिति के अध्यक्ष मुन्ना सिंह, संयोजक समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य समेत समिति के सदस्यों ने श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए चाक चौबंद व्यवस्था कर रखा था। पूरे मंदिर परिसर व घाटों की सुरक्षा के लिए सीसी टीवी कैमरों से निगरानी की गई। सुरक्षा के लिए जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर डटे रहे। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुरूष व महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। कार्यक्रम से पूर्व सुरक्षा का जायजा लेने एएसीप पूर्वी दुर्गेश कुमार सिंह मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनत पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जरूरी सुझाव दिए। 

एमडीपीजी के प्राचार्य प्रो0 मनोज मिश्र का निधन, शोक की लहर

प्रतापगढ़। शहर स्थित एमडीपीजी कालेज के प्राचार्य प्रो0 मनोज मिश्र का इलाज के दौरान रविवार की शाम उनका निधन हो गया। सुबह स्वास्थ्य बिगड़ने पर जिले के वरिष्ठ फिजीशियन डा0 चौबे से इलाज करवाए। दोपहर में स्वास्थ्य अधिक खराब होने पर उन्हें नगर के चारू नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहॉ रविवार की शाम उनका निधन हो गया। कालेज के सहकर्मियों ने बताया कि कोरोना काल से ही उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था। उन्हें सॉस की समस्या थी। वह हर वक्त आक्सीजन लेकर अपने साथ चलते थे। प्रो0 मिश्र के निधन से कालेज स्टाफ स्तब्ध है। प्रो0 मनोज मिश्र के पिता डा0 जे0पी0 मिश्र एमडीपीजी कालेज के प्राचार्य रहे। उनके सेवा निवृत्त होने पर प्रो0 मनोज एमडीपीजी कालेज के प्राचार्य बने थे। 

पुलिस आने के बाद दुम दबाकर भागे शोहदे 

प्रतापगढ़। मां बेल्हा देवी धाम रेलवे स्टेशन प्रतापगढ़ के साइकिल स्टैंड पर रविवार को स्कूटी खड़ी करने आई दो बहनों के साथ स्टैंड चालक और ई रिक्शा वालों ने अभद्रता की। दोनो ने एक सीमा तक सहा। पानी सिर से ऊपर हुआ तो चंडी रूप बन गई। उनका हाव भाव और बदला रूप देखकर स्टैड चालक की घिग्घी बंध गई। वह रोने लगा और माफी मांगने लगा। शोहदे भागने लगे। जिससे परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस स्टैंड चालक को पकड़कर ले जाने लगी। दोनो बहनों को उस पर रहम आ गया। उन्होंने उसे छुड़वा दिया। बाकी लोगों के खिलाफ़ कार्यवाई की मांग करने लगी।

पूरे केशवराय मेडिकल कॉलेज के बगल की रहने वाली दो बहनें प्रयागराज में पढ़ती है। हमेशा की तरह रविवार को उन्होंने अपनी स्कूटी रेलवे के साइकिल स्टैंड में जमा करने गई थी। धूप और छाव में खड़ी करने को लेकर उनका स्टैड वाले से विवाद हो गया। बहनों का आरोप है कि वह उनसे अभद्रता करने लग। दबंगई दिखाते हुए स्कूटी बाहर फेंकने की धमकी देने लगा। उसके साथ बैठे कुछ ई रिक्शा चालक भी उसका साथ दे रहे थे। जब वे लोग नहीं रुके तो उन दोनो के कदम आगे बढ़ गए। किसी शेरनी की तरह उन लोगों से दो दो हाथ करने को आगे बढ़ी। दोनो बहनों का चंडी रूप देख लोगों ने वहां से खिसकने में भलाई समझी। स्टैण्ड वाला तो रोने लगा। छोटी बहन ने फोन करके पुलिस बुला लिया। आते ही पुलिस ने अपनी भाषा में स्टैड वाले को समझाया। उसको पड़कर कोतवाली ले जाने लगे। लेकिन दोनों बहनों को उस पर दया आ गई और उसे छोड़ने को कह दिया।

रेलवे परिसर में सक्रिय हैं शोहदे-

रेलवे परिसर में लोकल ई रिक्शा वाले और टेंपो वाले चालक की आड़ में महिला यात्रियों पर फब्तियां कसते हैं। साइकिल स्टैंड में भी शोहदे बैठते हैं। स्कूटी जमा करने आई दोनो बहनों का आरोप है कि स्टैड वाला और उसके साथ बैठने वाले वाहन चालक उनके साथ आए दिन अभद्रता करते हैं। इनकी पूरी गैंग है। जो कबाड़ी मोहल्ले और मालगोदाम के है। कुछ तो आपस में भाई भतीजे हैं जो महिलाओं और लड़कियों पर आते जाते छीटाकशी करते है। भद्दी भद्दी गालियां देते हैं।

पुलिस ने बढ़ाया मनोबल-

शोहदों का मनोबल पुलिस की वजह से बढ़ा हुआ है। जीआरपी, आरपीएफ हो या कोतवाली पुलिस सभी इनसे बेगारी करवाते हैं। नो एंट्री में वाहन खड़े करते है। आरोप है कि थाने में पैसा पहुंचते है। ऊपर से डंडा पड़ने पर चेकिंग अभियान चलाया जाता है तो पुलिस की नजर से कबाड़ी मोहल्ले और मालगोदाम वाले रिक्शा और टेंपो चालक बच जाते हैं। अनजान लोगों का चालान कट जाता हैं।

रेल परिसर में महिला यात्री के साथ हो चुका है रेप-

दो साल पहले रेल परिसर के शौचालय में एक महिला यात्री के साथ रेप हो चुका है। इसके पीछे सवारी ढोने वाले वाहन चालकों का भी हाथ था। इस घटना के बाद भी पुलिस सबक नहीं ले रही है। शोहदों से दोस्ती किए है।

क्या कहते हैं अधिकारी-

इस बारे में एसओ जीआरपी का कहना है कि स्टैंड वाले की शिकायतें मिलती रहती है। उसको समझाया भी गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

गर्मी के कारण कइयों की हालत बिगड़ने लगी 

प्रतापगढ़। भारी भीड़ और प्रचंड गर्मी ने ट्रेनों के सफर को कष्टदायक बना दिया है। जरूरत से ज्यादा भीड़ हो जाने पर जनता एक्सप्रेस और पंजाब मेल में यात्रियों ने सीट पर कब्ज़ा कर लिया। गर्मी के कारण कई यात्रियों की तबियत खराब होने लगी। यात्रियों की शिकायत पर आरपीएफ ने लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया।

ट्रेनों में इस सीजन में भीड़ का होना स्वाभाविक है। लेकिन इस बार की प्रचंड गर्मी का रूप स्वाभाविक नहीं है। यही वजह है लोगों को गर्मी अधिक लग रही है। भीड़ अधिक हो जाने से लोगों को हवा नहीं मिल पाती है। जिससे सांस के रोगी यात्रियों को सफर में दिक्कत आती है। रविवार को जनता एक्सप्रेस और पंजाब में काफ़ी भीड़ हो गई थी। लोग स्लीपर में घुस गए और सीट को कब्जा कर लिए। जिससे रिजर्वेशन वालों को दिक्कत आने लगी। सीट से उठाने को लेकर उनका विवाद शुरू हो गया। लेकिन भीड़ जिनका आरक्षण नहीं था वो सीट छोड़ने को तैयार नहीं थी। लिहाजा उन्हें पुलिस की मदद लेनी पड़ी। शिकायत मिलने पर पहुंची आरपीएफ ने लोगों को शांत कराया। जनरल बोगी में भी काफ़ी भीड़ थी। स्टेशन पर खड़ी भीड़ को अन्दर वाले घुसने नहीं दे रहे थे। आरपीएफ ने किसी तरह से उन्हें बोगी के अंदर किया। आरपीएफ दारोगा ने बताया कि ट्रेनों में भारी भीड़ थी। अन्दर वाले स्टेशन पर खड़े यात्रियों को अन्दर लेना नहीं चाह रहे थे। लोगों को समझा बुझाकर कोच में बैठाया गया। सभी जगह शांति रही।

भारतीय न्याय संहिता 2023 पर स्वाध्याय मंडल में हुई चर्चा

प्रतापगढ़। अधिवक्ता परिषद अवध प्रतापगढ़ ईकाई द्वारा शनिवार को अधिवक्ता भवन में स्वाध्याय मण्डल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिषद के उपाध्यक्ष रवि सिंह के अध्यक्षता व महामंत्री शिवेश शुक्ल के संचालन में भारतीय न्याय संहिता 2023 विषय पर वृहद चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अधिवक्ता परिषद के निवर्तमान जिलाध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता व मुख्य वक्ता के रूप में फौजदारी के वरिष्ठ अधिवक्ता राम मिलन शुक्ल मौजूद रहे। श्री शुक्ल ने भारतीय न्याय संहिता 2023 पर चर्चा करते हुए कहा कि यह कानून 1 जुलाई 2024 से प्रभावी होगा। इस नये अधिनियम मे मा0 उच्चतम न्यायालय द्वारा पूर्व में वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुरूप केन्द्र सरकार को नया कानून बनाने का जो निर्देश दिया गया था उसे शामिल किया गया है। भारतीय दण्ड संहिता में 511 धारा थी जो अब  भारतीय न्याय सहिता में 358 धारा है। अब जीरों एफ आई आर दर्ज करा सकते है और पुलिस कस्टडी की समय सीमा भी बढ़ा दी गई है। श्री शुक्ल ने बताया कि इलेक्ट्रानिक साक्ष्य को अब माना जाएगा। उन्होंने संहिता में बदले गए अन्य धाराओं पर प्रकाश डाला। इस मौके पर रवि सिंह, भरत लाल, विनीत शुक्ला, ममता पांडेय, शिशिर शुक्ला, आशीष गुप्ता, अभिषेक पांडेय, अश्वनी पांडेय, विवेक तिवारी, आशीष शुक्ल, प्रवीण शुक्ल, प्रभाकर यादव, इंद्र कुमार सिंह दीपू, श्रवण दीक्षित, विनोद सरोज समेत दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।

पेड़ से टकराकर पलटा ऑटो, तीन लोग घायल

प्रतापगढ़, कुंडा। बाघराय थाना क्षेत्र के करैनी पंचमहुवा गांव निवासी धीरज सिंह बेटे अरमान के साथ रविवार सुबह ऑटो से बहन के घर ममईपुर राजापुर जा रहे थे। महेशगंज थाना क्षेत्र के फतूहाबाद गांव के सामने ऑटो चालक धीरज को चक्कर आ गया। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। इससे ऑटो में सवार एक महिला और घटना स्थल पर बैठे अजय सिंह का छह वर्षीय बेटा सावन सिंह, अमृतलाल का 20 वर्षीय बेटा मनीष विश्वकर्मा घायल हो गया। एम्बुलेंस से घायलों को सीएचसी भेजा गया। घटना के बाद ऑटो चालक भाग निकला।

महिला उत्पीड़न को लेकर अलग अलग घटनाओं में आठ के खिलाफ केस

प्रतापगढ़, लालगंज। कोतवाली पुलिस ने महिला उत्पीडन की अलग अलग घटनाओं में आठ आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। संग्रामगढ़ थाना के महमदपुर चारपुरा निवासी रामसुमेर सरोज पुत्र राम नारायण ने दी गई तहरीर में कहा है कि उसकी बेटी की शादी लालगंज के शीतलमऊ में हुई है। ससुरालीजन पति रोहित सरोज तथा सास अनारा व अनारा की पुत्री दहेज को लेकर उसकी पुत्री रीता के साथ आये दिन मारपीट किया करते हैं। आरोपियों द्वारा पीड़िता को घर से निकाल भी दिया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शनिवार की रात पति समेत ससुरालीजनों के खिलाफ महिला उत्पीड़न व गालीगलौज तथा मारपीट का केस दर्ज किया है। इधर जेठवारा थाना के पूरनपुर खास निवासी शिवराम की पुत्री अर्चना सरोज ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि दहेज में एक लाख नकद तथा एक बुलेट बाइक की मांग को लेकर ससुरालीजनों ने उसके साथ गालीगलौज व मारपीट किया। पीडिता ने दी गई तहरीर में कहा है कि उसके पति जगराम के पुत्र सचिन तथा ससुर जगराम व सास श्रीमती एवं जेठ संजय तथा देवर सुचित ने लालगंज के पड़री गांव में उसकी ससुराल में दहेज को लेकर मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने पीडिता के गहने भी छीनकर रख लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रविवार को केस दर्ज किया है।

आमने सामने बाइक की टक्कर में किशोर की मौत, दो गंभीर

प्रतापगढ़, लालगंज। बाइक की आमने सामने टक्कर से किशोर की दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गयी। उदयपुर थाना के राजापुर बाजार निवासी अवधेश गौड़ का पुत्र विशेष गौड़ 17 शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे किसी कार्य से राजापुर बाजार आ रहा था। दूसरी ओर से उदयपुर थाना के पूरे पाण्डेय निवासी हरिश्चंद्र सरोज का पुत्र सौरभ 16 अपने दोस्त मुबारकपुर निवासी राजा सरोज के पुत्र चन्दर 17 के साथ बाइक से राजापुर बाजार की तरफ जा रहा था। राजापुर चौराहे पर अचानक दोनों बाइकें आमने सामने टकरा गयीं। दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए सांगीपुर सीएचसी ले गये। चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर घायल विशेष गौड़ के परिजन उसका इलाज कराने अमेठी जिले के गौरीगंज असैदापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने विशेष को मृत घोषित कर दिया। विशेष की मौत की जानकारी घर पहुंची तो कोहराम मच गया। इधर अन्य दोनों घायलों सौरभ व चन्दर को परिजन इलाज के लिए रायबरेली लेकर पहुंचे। यहां दोनों का उपचार रविवार को भी जारी बताया गया। मृतक विशेष दो भाईयों में छोटा था। विधि का विधान एक वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में बड़े भाई की मौत के बाद छोटे भाई की भी दुर्घटना में मौत परिजनों के लिए असह पीड़ा बन गयी। उदयपुर एसओ राधेबाबू का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गंगा पाप तो भागवत कथा पाप की प्रवृत्ति धुलती है-आचार्य देवव्रत

प्रतापगढ़, लालगंज। क्षेत्र के ढ़िगवस गांव में हो रही श्रीमदभागवत कथा में तीसरे दिन रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा व्यास आचार्य देवव्रत महराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने पृथ्वी पर पाप के संहार के लिए धर्म का शंखनाद किया। उन्होने कहा कि श्रीद्वारिकाधीश ने पाप के संहार मे अपने पराये का भेद छोड़कर अधर्मी को दण्डित करने का संदेश दिया। गंगा दशहरा पर कथा का संवाद सुमधुर बनाते हुए आचार्य देवव्रत जी ने कहा कि गंगा मईया तो पाप धुला करती है और भागवत कथा पाप की प्रवृत्ति धुलती है। उन्होनें कहा कि सांसारिक जीवन में मर्यादा व नैतिकता का उल्लंघन करने वाले प्राणी का बाहुबल क्षीण होने पर वह समस्त कष्टों का यहीं दुख भोगा करता है। कथा के दौरान श्रीराधेकृष्ण संकीर्तन में श्रद्धालु रमे दिखे। कथा के संयोजक समाजसेवी रामप्रताप पाण्डेय व निर्मला पाण्डेय ने व्यासपीठ का पूजन अर्चन किया। इस मौके पर शीतला प्रसाद पाण्डेय, देव प्रताप पाण्डेय, संतोष कुमार पाण्डेय, लल्लन तिवारी, बबलू मिश्र, राजेश सोनी, कृपाशंकर, मोनू पाण्डेय, आदि मौजूद रहे।

प्रदेश में बिजली दरों को बढ़ाना जनता के साथ नाइंसाफी-प्रमोद तिवारी

प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने प्रदेश में बिजली दरों में दो रुपये प्रति यूनिट की बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को जनता के साथ नाइंसाफी बताया है। उन्होने कहा कि सरकारी भाषणों में सरकार बिजली गिरा तो रही है पर बिजली बनाने का उसे जरा सा भी फिक्र नही है। प्रदेश भर में बिजली कटौती के साथ गरीब उपभोक्ताओं के भीषण गर्मी में बिजली के कनेक्शन काट दिये जा रहे हैं। ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर का जलना सरकारी कुप्रबन्धन की विफलता है। यह बातें उन्होंने रविवार को रामपुर खास के एक दिवसीय दौरे पर आये पत्रकारों से मुलाकात के दौरान कही।

 प्रमोद तिवारी ने नहरों मे पानी न आने, किसानों के मुद्दे, मंहगाई, बेरिजगरी, जम्मू कश्मीर में आतंकवाद, छत्तीसगढ़ में  नक्सली घटनाएं, मणिपुर में लगातार हिंसक घटनाओं, देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था समेत अनेक मुद्दों पर भाजपा सरकार को विफल कहा। श्री तिवारी ने लालगंज स्थित कैम्प कार्यालय पर जनसमस्याओं की सुनवाई भी की। इस मौके पर अमित सिंह पंकज, केडी मिश्र, अशोक सिंह बबलू, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, सुधाकर पाण्डेय, छोटे लाल सरोज, पन्ना लाल पाल, विकास मिश्र, अनिल महेश, दारा सिंह, शेरू खां, पप्पू तिवारी, श्याम लाल वर्मा, रामफेर यादव, जीतलाल पटेल, सुजीत कोरी, मुन्ना शुक्ला, मुरलीधर तिवारी, दिनेश सिंह, राजू पाण्डेय, राकेश तिवारी गुडडू, रामू मिश्र आदि मौजूद रहे।

फतनपुर थाना परिसर में लगी आग, सीज कई वाहनों के टायर जले

प्रतापगढ़, रानीगंज। कड़ी धूप के बीच रविवार दोपहर फतनपुर थाना परिसर में आग लग गई। आसपास के लोगों के सहयोग से पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। तब तक परिसर में खड़े सीज और चालान वाले कई वाहनों के टायर जल गए।

फतनपुर थाना परिसर में घास फूस के बीच सीज और चालान वाले कई वाहन खड़े हैं। रविवार दोपहर अचानक घास-फूस में आग लग गई। आग की लपटें देख पुलिसकर्मी और आसपास के लोग उसे बुझाने लगे। सूचना पर फायर ब्रिगेडकर्मी भी पहुंचे तो आग पर काबू पाया गया। तब तक परिसर में खड़े कई वाहनों के टायर जल गए। लोगों में विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लगने की चर्चा रही।

समझौता न करने पर युवक को जान से मारने की धमकी

प्रतापगढ़, कुण्डा। नगर पंचायत के समापुर कस्बा निवासी पंकज सोनकर पुत्र लालजी सोनकर को मुकदमे में समझौता न करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित सरकारी राशन का दुकान संचालक है। बीते 25 मई की देर शाम पंकज सरकारी खाद्यान्न लेकर साथी बउआ के साथ कुण्डा के भगवन तिराहा पहुंचा। गुलजार इलेक्ट्रानिक दुकानदार के बेटे और वहां काम करने वाले ने पंकज से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ। आरोपी उसका मजाक उड़ाते हुए जाति सूचक गालियां देने लगे। पंकज के विरोध करने पर आरोपी फोन कर कुछ अज्ञात लड़को को बुलाकर उसे और उसके साथी को मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची कुंडा पुलिस ने कुछ लोगो को मौके से पकड़ कर कोतवाली लाई और फिर छोड़ दिया। पीड़ित पंकज सोनकर की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और पांच अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया। बीस दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक पुलिस दबंगो पर कोई कार्यवाई नही की। पीड़ित का आरोप है कि दबंग लोग मुकदमा दर्ज होने के बाद समझौता करने का लगातार दबाव बना रहे है। समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत एसपी व मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है लेकिन पीड़ित की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। डरा सहमा पीड़ित न्याय की गुहार लगा रहा है।

दो पक्षों के बीच मारपीट में एक दर्जन से अधिक लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

प्रतापगढ़, लालगंज। रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुई हिंसक मारपीट में पुलिस ने बारह नामजद तथा पांच अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं मे केस दर्ज किया है। लालगंज कोतवाली के अमिलहा ढ़िगवस निवासी बबलू सरोज की पत्नी गुड़िया देवी ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें कहा है कि तेरह जून को गांव के कमलेश  सरोज व विमलेश पुत्रगण रज्जू तथा भोला पुत्र कमलेश व रज्जू ने सरिया, लाठी व कुल्हाड़ी से लैस होकर पीडिता के पति बबलू पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट देख पीडिता का देवर बीच बचाव को आया तो आरोपियो ने उसे भी पति सहित पीटकर घायल कर दिया।

 तहरीर के आधार पर पुलिस ने कमलेश समेत चार के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में रविवार को केस दर्ज किया है। दूसरे पक्ष के विमलेश की पत्नी नीलम देवी की तरफ से  तहरीर दी गई। जिसमें कहा है कि घटना के दिन रंजिश को लेकर गांव के सबलू व बबलू तथा सोहन, छोटू पुत्रगण सुरेश कुमार, विनित पुत्र राकेश, जितेन्द्र पुत्र प्रकाश, श्याम पुत्र भगवत प्रसाद, सनी पुत्र मुकेश व पांच अज्ञात महिलाओं ने लाठी डंडे व सरिया से उसे घर में घुसकर मारापीटा। बीचबचाव को पीडिता का पति व जेठ दौड़ा तो आरोपियों ने इन्हें भी जानलेवा हमले में गंभीर चोटें पहुंचायी। शोर मचाने पर आरोपी जानलेवा धमकी देते चले गये। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सबलू समेत नामजद तथा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।