प्रतापगढ़ बुलेटिन | 22 जुलाई 2024

0
136

संवेदना महिला उत्थान समिति की महिलाओं ने लगाए पौधे, मॉ के नाम पेड़ लगाने की अपील

प्रतापगढ़। संवेदना महिला उत्थान समिति की महिलाओं ने नगर के जेल रोड स्थित चित्रगुप्त मंदिर परिसर में रविवार को गुरूपूर्णिमा के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया। भगवान चित्रगुप्त का पूजन अर्चन कर मंदिर परिसर में वृक्ष लगाए। लगाए गये पौधों को संरक्षित करने का संकल्प लिया। समिति की संस्थापिका प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को पर्यावरण के लिए वृक्ष के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण मानव जाति एवं प्राणी जगत के समक्ष एक अत्यंत गम्भीर समस्या है। वायु प्रदूषण के दुष्प्रभाव को कम करने के लिए वृक्षारोपण एक सरल एवं प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने कहा कि हम संकल्प लेते हैं कि रोपित पौधों को बच्चे के समान संरक्षित कर बड़ा करेंगे। इसके अलावा दूसरों को भी मॉ के नाम एक पेड़ जरूर लगाने के लिए प्रेरित भी करेंगे। इस मौके पर समिति की अध्यक्ष मीना श्रीवास्तव, उप सचिव रचना सक्सेना, रश्मि खरे, निधि, रेखा सिंह, जया, रोमी पांडे, ऋचा, रेनू मिश्रा, रेखा श्रीवास्तव, डा0 आशुतोष खरे, संतोष खरे, व समिति के कोषाध्यक्ष निशांत रंजन आदि मौजूद रहे। 

जैन समाज द्वारा विश्व शांति के लिए आठ दिनों से चल रहा अनुष्ठान ‘सिद्ध चक्र विधान‘ का हुआ समापन

प्रतापगढ़। शहर के बाबागंज स्थित जैन मंदिर में समाज के अनुयायियों द्वारा विश्व शांति के लिए आठ दिनों से चल रहे अनुष्ठान का रविवार को विधिवत समापन हो गया। अनुष्ठान का समापन सागर महाराज की मौजूदगी में 1024 अर्घ चढ़ाकर किया गया। जैन समाज के लोग हिन्दी के अषाढ़ महीने के अंतिम आठ दिनों को बड़ा पवित्र मानते हैं। हर वर्ष यह अनुष्ठान आयोजित किया जाता है। समाज के लोगों का मानना है कि आठ दिनों के इस अनुष्ठान से जीवन के सभी कष्टों हरण हो जाता है। रविवार की सुबह भगवान के जलाभिषेक के साथ विश्व शांति के लिए दीपेश जैन, रौनक जैन, रजत जैन व विपिन जैन द्वारा शांतिधारा किया गया। देवियों का रूप धारण कर महिलाओं ने भगवान को श्रद्धाभाव से याद किया। इस मौके पर आनंद जैन, अरविन्द जैन, सिद्धार्थ, राहुल, अंकित, संजय, मिश्रीलाल, आकर्ष, मंजू, नगीना, राजेश्वरी, आशा, सिताब, बेबी, नेहा, सोनम, खुशी, पद्यमावती जैन समेत जैन समाज के बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरूष व बच्चे उपस्थित रहे। 

कॉग्रेसजनों द्वारा स्वतंत्रता सेनानी मसुरियादीन पासी की मनाई पुण्यतिथि

प्रतापगढ़। कॉग्रेस के जिलाध्यक्ष डा0 नीरज त्रिपाठी के अगुवाई में रविवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पूर्व सांसद मसुरियादीन पासी की पुण्यतिथि शहर के देवकली वार्ड स्थित एक गेस्ट हाउस में मनाई गई। स्वतंत्रता सनानी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रृद्धा सुमन अर्पित किया गया। उन्हें याद करते हुए डा0 नीरज त्रिपाठी ने कहा कि श्री पासी का जन्म 2 अक्टूबर 1911 में प्रयागराज के जोधवल में हुआ था। वह स्वतंत्रता आंदोलन में वर्ष 1932 से 1944 के बीच कई बार जेल गये। वह 1946 में संविधान सभा के लिए चुने गये। उन्हे सच्ची श्रृद्धाजंलि तभी होगी जब हम सभी उनके आदर्शों का पालन करें। पूर्व प्रमुख राय साहब सिंह, डा0 वेदान्त शुक्ल, वीके सिंह ने भी श्री पासी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर फतेह बहादुर सिंह, राधेश्याम दूबे, सुरेश कुमार सरोज, उदय राज सरोज, मो0 वसीम, फूलचंद गौतम, रमाकांत चौधरी, संतोष गुप्त, रमेश सरोज, मो0 शकिर, नूर आलम, राकेश कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महेन्द्र शुक्ल ने किया। 

अन्तर्राज्यीय पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली, छः तस्कर गिरफ्तार

प्रतापगढ़। लीलापुर पुलिस की वध के लिए पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे पशु तस्करों से शनिवार की रात थाना क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा वरिस्ता में मुठभेड़ हो गई। तस्करों के सरगना इश्तियाक पुत्र अब्बास अली निवासी हण्डौर लीलापुर के पैर में मुठभेड़ के दौरान गोली लगी। घेराबंदी कर अन्य तस्करों विजय वर्मा पुत्र तेजभान करदहा थाना जलालपुर जौनपुर, रकेश यादव पुत्र धर्मराज निवासी विन्दा थाना फूलपुर वाराणसी, संदीप पुत्र राम सूरत विश्वकर्मा रामपुर सुबरी खरका थाना जलालपुर जौनपुर, दीपक यादव पुत्र श्यामलाल बिन्दा थाना फूलपुर वाराणसी व अब्बास अली पुत्र इस्लाम निवासी हण्डौर नाहर का पुरवा लीलापुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के कब्जे से पुलिस ने क्रूरता पूर्वक भरे 11 गोवंश, तमंचा, कारतूस, पिकप व कार बिना नम्बर की, बाइक, लकड़ी का ठीहा, तराजू, बाट, रस्सी, काटने का हथियार बरामद किया। तस्करों के बारे में लीलापुर के एसओ नरेन्द्र सिंह मुखबिर से सूचना मिली थी कि रात में गोवंशों को जौनपुर बिहार के रास्ते बंगाल ले जाया जाएगा। सूचना पर पूरे थाने की फोर्स तस्करों द्वारा इकट्ठा किये जा रहे स्थान को चारों ओर से घेर लिया। लालकारने पर दोनों तरफ से गोली चली जिसमें पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों का सरगना इस्तियाक ने पुलिस को बताया कि हम लोग विभिन्न जिलों से पशुओं को इकट्ठा करते हैं। पिकप में भरकर जौनपुर ले जाते हैं। कई पशुओं के होने पर बड़ी ट्रक में लादकर बिहार के रास्ते पंश्चिम बंगाल ले जाकर बेंचते हैं। रास्ते में मांस खरीदने वालों को एकांत में पुशुओं को काटकर उन्हें बेंचते भी हैं। शातिर तस्करों पर कई जिलों मंे संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्जकर रविवार को जेल भेज दिया।

प्रेमिका ने पति व सहेेली के साथ मिलकर प्रेमी की कर दी हत्या, शव को घर के आंगन में किया दफन, पकड़े जाने पर बताए कारनामे

प्रतापगढ़। अवैध प्रेम सबंधों के चलते महिला ने पति, सहेली व उसके पति के साथ मिलकर गुरूग्राम निवासी प्रेमी युवक की हत्या कर दी। चारों ने मिलकर सहेली के घर के आंगन में गड्ढ़ा खोदकर प्रेमी की लाश को दफन कर दिया। मृतक शिवनाथ साह पुत्र सेवक साह निवासी मनियारी थाना सुप्पी जनपद सीतामढ़ी बिहार ओवन कम्पनी सेक्टर-33 गुड़गांव में नौकरी करता था। वहीं पर पुष्पा गौतम पत्नी विनोद कुमार गौतम निवासी सुबंसा थाना फतनपुर प्रतापगढ़ भी नौकरी करती थी। नौकरी के दौरान मृतक शिवनाथ व पुष्पा में प्रेम संबंध स्थापित हो गया। पुष्पा का पति वहीं पर सब्जी बेंचता था। पुष्पा व उसका पति विनोद कुछ दिनों के लिए अपने घर सुवंसा प्रतापगढ़ चला आया। प्रेम में दीवाना शिवनाथ भी उससे मिलने पुष्पा के गॉव सुवंसा आ गया। दोनों में दीवानगी की घटना की जानकारी रात में विनोद को हुई तो पुष्पा की पड़ोस की सहेली पूनम गौतम व उसका पति चिन्तामणि ने मिलकर 16 जून 2024 की रात शिवनाथ की हत्या कर दी। शिवनाथ के लाश को सहेली पूनम के घर के आंगन में गड्ढ़ा खोदकर दफन कर दिया। शिवनाथ के पुत्र ने गुरूग्राम में पिता के गुमसुदगी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस बीच पुष्पा अपने पति के साथ वापस गुरूग्राम पहंुच गई। जॉच के दौरान पुलिस को पुष्पा व शिवनाथ के संबंधों के बारे में जानकारी हुई। पुलिस ने सख्ती बरती तो पुष्पा ने अपने कारनामें गुरूग्राम पुलिस को बताया। गुरूग्राम पुलिस हत्यारोपी पुष्पा व उसके पति को लेकर मृतक के बेटे के साथ प्रतापगढ़ के फतनपुर कोतवाली पहंुचकर एसओ को सारे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए सहयोग मांगा। फतनपुर थाने की फोर्स के साथ आरोपियों को लेकर गुरूग्राम पुलिस सुवंसा गांव पहुंची और पुष्पा के बताए सहेली के घर के ऑगन की खुदाई एसडीएम रानीगंज की मौजूदगी में कराई तो शिव नाथ का शव बरामद किया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, बांका व तसला भी पुलिस ने बरामद कर लिया। जबकि हत्या में शामिल पुष्पा की सहेली पूनम व उसका पति चिंतामणि फरार हो चुका है। बेटे की तहरीर पर फतनपुर पुलिस ने भी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। 

शादी का झांसा देकर करता रहा दुष्कर्म, दबाव बनाने पर जान से मारने की धमकी पर गिरफ्तार 

प्रतापगढ़। कोहड़ौर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महीनों दुष्कर्म करने के आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। युवती द्वारा शादी का दबाव बनाने पर आरोपी कमलेश कुमार पटेल पुत्र रामलाल निवासी एमएन 18 ए रायपुर कला थाना कोतवाली देहात ने जान से मारने की धमकी देने लगा। युवक के व्यवहार से क्षुब्ध कोहड़ौर थाना क्षे़त्र के एक गॉव की युवती ने कोहड़ौर थाने में आरोपी युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया। एसओ राधेश्याम की टीम ने रविवार को आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

शिकायत पर गौशाला के रास्ते की जांच के लिए पहुँचे एसडीएम

प्रतापगढ़, बाबागंज। गौशाला के लिए भूमि तो आरक्षित हो गई लेकिन उस तक जाने के लिए रास्ता नहीं था। अधिवक्ता द्वारा मामले की शिकायत की गई तो एसडीएम कुण्डा ने खुद स्थल का निरीक्षण किया और रास्ता बनवाने के लिए राजस्व कर्मियों को आदेश दिया। बाबागंज ब्लाक के गिस्था, रायअसरकनपुर और बदगवा आदि गांवों में आवारा पशुओं द्वारा किसानों की फसलों को नुकसान किया जा रहा है। जानवरों से हो रही समस्या को देखतें हुए रायअसकरनपुर गांव के रहने वाले अधिवक्ता शिव कुमार सिंह, अभय प्रताप सिंह उर्फ रॉबिन सिंह ने पूरे मामलें की शिकायत राजस्व और विकास विभाग से की थी। विकास विभाग द्वारा गौशाला बनवाने के लिए जमीन की मांग की गई थी। राजस्व विभाग द्वारा आज़ाद नगर रायअसकरनपुर और बदगवां ग्राम सभा के बॉर्डर पर स्थित करीब चार बीघा चारागाह की जमीन को गौशाला बनवाने के लिए प्रस्ताव कर दिया गया था लेकिन वहां तक जाने के लिए रास्ता नही था। शिकायत के बाद रविवार की दोपहर एसडीएम कुंडा भरतराम यादव ने राजस्वकर्मियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। राजस्व निरीक्षक रामचन्द्र त्रिपाठी को पैमाइश करके रास्ता बनवाने के लिए जमीन तलाशने का आदेश दिया। एसडीएम ने चकबंदी के भी कर्मचारियों को पैमाइश में सहयोग करने को कहा है।

थाने के सिपाही की बाइक में युवक की बाइक छू जाने पर जमकर पीटा

नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर किया हमला

प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नरई निवासी अनुज सिंह पुत्र रविंद्र सिंह शनिवार की शाम संग्रामगढ़ बाजार गया था। घर वापस आते समय रास्ते में संग्रामगढ़ थाने के सिपाही मंदीप सिंह की बाइक से युवक की बाइक भीड़ गई। जिस पर सिपाही मंदीप ने युवक को पीट दिया। घटना देख रहे आक्रोशित लोगों ने सिपाही को भी पीटा। सिपाही ने घटना की सूचना संग्रामगढ़ एसओ को दी तो मौके पर दल बल के साथ पुलिस भी पहुंची। तब तक वहां पर सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे। पुलिस की जीप को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। काफी समझाने के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस बाइक सवार युवक अनुज सिंह को  हिरासत में लेकर संग्रामगढ़ थाने चली आई। उधर पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक को सुला समझौता कर छोड़ दिया। थोड़ी देर बाद बौखलाई पुलिस ने चचेरे भाई अंकुश सिंह पुत्र रूद्र पाल सिंह को थाने उठा लाई। उसे थाने में ना बिठाकर विवादित सिपाही के पर्सनल कमरे में रखा गया। चचेरे भाई की जमकर पिटाई की गई। सीओ लालगंज को प्रार्थना पत्र दिया है।

गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

प्रतापगढ़, कुण्डा। आषाढ़ मास की पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। इसी पूर्णिमा से सावन मेले की शुरुआत होती है। गुरु पूर्णिमा और सावन मेले के शुरुआत का दोहरा पुण्य लाभ पाने को श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा घाटों पर जुटी। भोर से ही हर हर गंगे के जयकारे संग श्रद्धालु गंगा की धारा में डुबकी लगाने लगे। आषाढ़ मास की पूर्णमा (गुरु पूर्णिमा) पर गंगा की धारा में पुण्य की डुबकी लगाने को शनिवार की शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा घाटों पर जुटने लगी थी। रविवार भोर से ही हर हर गंगे के जयकारे संग श्रद्धालु गंगा की धारा में डुबकी लगाकर गंगा मैया का पूजन अर्चन किए। ब्राम्हणों को दान दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया। मानिकपुर के शाहाबाद, कालाकांकर, बाबा हौदेश्वरनाथ धाम, करेंटी, नौबस्ता, जहानाबाद गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा स्नान को जुटी। भक्तों ने मानिकपुर में सिद्धपीठ मां ज्वाला मुखी देवी का पूजन अर्चन किया। हौदेश्वरनाथ धाम पर भगवान शिव का जलाभिषेक कर घर परिवार के कल्याण की कामना की।

पिटाई से घायल युवक की हुई मौत, दी तहरीर

प्रतापगढ़, अंतू। सप्ताहभर पूर्व लेनदेन के विवाद को लेकर पिटाई से घायल युवक की शनिवार को मौत हो गई। परिजन पड़ोस के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कराया है। अंतू थाना क्षेत्र के गौराडांड निवासी 35 वर्षीय पुनीत पांडेय तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह घर पर अकेले रहता था। उसकी पत्नी प्रिया करीब 10 साल पहले दो बच्चे भोलू, नारायण के साथ अपने मायके लालगंज के जलालपुर में रहती है। पुनीत ने अपने परिवार के कुछ लोगों की मध्यस्थता में जमीन बेची थी। चर्चा है कि जमीन के रुपये को लेकर 16 जुलाई को कुछ लोगों ने उसे मारपीटकर घायल कर दिया था। उसका मोबाइल भी छीन लिया था। पुनीत बगैर पुलिस को सूचना दिए इलाज कराने के बाद वह अपनी बहन के घर झांसी चला गया था। एक दिन पहले वह घर आया था। शनिवार रात कमरे में बेड के नीचे वह बेहोश पड़ा मिला। परिजन उसे सीएचसी संडवा चंद्रिका ले गए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। वे शव लेकर घर आए और 16 जुलाई की चोटों के कारण मौत की बात कहते हुए पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से बातचीत की। बाद में मृतक के भाई सुशील पांडेय की तहरीर पर विकास पांडेय, तरुण और अरुण के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गौ तस्करी की सूचना देना पड़ रहा भारी, दहशतगर्दों से भयभीत है परिवार

प्रतापगढ़, लालगंज। गौ तस्करी की सूचना देना युवक व उसके परिजनों को अब भारी पड़ रहा है। आरोपी अब उसे जानलेवा धमकी दे रहे हैं। एहतियातन पीड़ित के घर रात में दो पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। सांगीपुर थाना के नान्हू का पुरवा भगतपुर पानी की टंकी के पास बीती सत्रह जुलाई को दर्जन भर गौ वंश बंधे थे। सायं सात बजे गौ वंश को बंधा देख गांव के आयाज खान उर्फ सोनू ने ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना पर सांगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बंधे गौवंश को आजाद करवाया। इस बात की जानकारी आरोपियों तक पहुंच गयी तो वह युवक के घर पहुंचकर गाली गलौज  करने लगे। आरोपियों ने जानलेवा फायरिंग की। इसके तहत पीड़ित का पुत्र बालबाल बच गया। पीड़ित ने इस घटना की तहरीर सांगीपुर पुलिस को सौंपी। इससे आरोपी और चिढ़ गये। आरोपियों ने फिर पीड़ित के घर पहुंचकर फायरिंग के साथ हमलावर हो उठे। तीन बाइक पर आधा दर्जन से अधिक आरोपी काफी देर तक पीड़ित के दरवाजे बवाल काटते रहे। सूचना पर सांगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से कारतूस व खोका भी बरामद किया। घटना की जानकारी सीओ लालगंज रामसूरत सोनकर को हुयी तो वह सांगीपुर पुलिस पर विफर पड़े। सीओ की फटकार पर सांगीपुर पुलिस ने केस दर्ज किया। इधर आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इसके मद्दे नजर पीड़ित के घर पुलिस के दो सिपाही तैनात किये गये हैं। पीड़ित का परिवार आरोपियों को लेकर भयभीत हैं। सांगीपुर एसओ मनीष का बयान घटना को लेकर बचाव की मुद्रा में दिखा है।

घर लापता बच्चे का शव तालाब में उतराया मिला

प्रतापगढ़, लालगंज। घर से लापता बालक का शव तालाब में उतराया मिला। मासूम की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन बिलख पड़े। लीलापुर थाना के डीहमेंहदी बाबूगंज निवासी राजेश जायसवाल का पौत्र कार्तिक जायसवाल (10) शनिवार को दोपहर में बच्चों के संग गांव में खेल रहा था। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा। परेशान परिजन उसकी तलाश करने लगे। रविवार को सुबह गांव के पास ही एक तालाब में कार्तिक का शव तैरता दिखा। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और दहाड़मार कर रोने लगे। मृतक कार्तिक बाबूगंज प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। उसके माता पिता की तीन साल पहले दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। वह दो बहनों में अपने माता पिता का एक लौता बेटा था। उसकी बहन हीर (13) प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा है। छोटी बहन सानवी (4) वर्ष की है। मृतक के बाबा व चाचा बाजार में पान की दुकान करते हैं। सूचना मिलने पर लीलापुर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजवाया है।

ज्योर्तिलिंग के साथ शिवभक्त करेंगे सई की धारा में भोलेनाथ का दर्शन

प्रतापगढ़, लालगंज। सावन माह में बाबा घुइसरनाथ धाम में आज पहले सोमवार से श्रद्धा का अद्भुत संगम दिखेगा। क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के साथ बाबा धाम में अमेठी, गौरीगंज, सलोन, ऊँचाहार, प्रयागराज, सुल्तानपुर जिलों से कांवड़ चढ़ाने शिवभक्त यहां आते हैं। इस बार सावन मेले में दूरदराज के भी शिवभक्तों में सई की जलधारा में विराजे भगवान शिव की भव्य प्रतिमा का दर्शन करेंगे। भव्य शिव प्रतिमा के सई छोर तथा बड़े पुल से सेल्फी लेने में शिव भक्त उत्साहित हैं। ऐसे में इस बार सावन मेले में प्रशासन भी शिव प्रतिमा स्थली के सई छोर के साथ दोनों पैदल पुलों व बड़े पुल पर एहतियाती प्रबंध बढ़ा रखे हैं। वहीं बाबा धाम में निर्माणाधीन रिवर फ्रंट को भी यहां आने वाले श्रद्धालु देख सकेंगे। इस बार शिव भक्तों को करील वृक्ष दर्शन में भी सुगमता होंगी। क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना तथा राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने हाल ही में सांगीपुर हाईवे से करील वृक्ष स्थली तक सीसी रोड़ का निर्माण कराया है। सई में जल स्तर बढ़ने से जरूर प्रशासनिक अमला मेले की व्यवस्था को लेकर चिंतित दिख रहा है। वहीं रविवार की दोपहर बाद से ही कांवड़ियां श्रद्धालुओं का बाबा धाम पहुंचना शुरू हो चुका है। बोल बम के जयघोष के बीच बाबा धाम पहुंच रहे कांवड़िया रात्रि विश्राम कर सोमवार को बाबा का जलाभिषेक करेंगे। हालांकि महंथ मयंक भालगिरि के मुताबिक सावन माह में गर्भगृह में रूद्राभिषेक नहीं हो सकेगा। सोमवार को मंदिर का पट रात दो बजे शिव भक्तांे के दर्शन के लिए खुल जायेगा। पूरे माह बाबा धाम में सत्संग, प्रवचन, भंडारे तथा विविध धार्मिक आयोजनों की धूम दिखेगी।