प्रतापगढ़ बुलेटिन | 26 जुलाई 2024

0
190

बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, बच्चा बैंक ने अपनाया

कुएं में गिरने से हुई थी लल्लू विश्वकर्मा की मौत

अपने पीछे छोड़ गया तीन मासूम बच्चे

प्रतापगढ़। लल्लू विश्वकर्मा की मौत के बाद उसके तीन मासूम बच्चों का सहारा बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप, बीबीएफजी बनेगा। उनकी पढ़ाई का सारा खर्च अब बैंक उठाएगा। गुरुवार को बच्चों को स्कूली बैग और स्टेशनरी ग्रुप की तरफ से दिया गया। जिसे पाकर बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं था।

जोगापुर के रहने वाले लालू विश्वकर्मा अपना पुस्तैनी धंधा करके अपना और परिवार का पालन पोषण करता था। उसके तीन बच्चे काजल, आंचल और अनुराग पढ़ रहे हैं। कुछ दिनों पहले लल्लू की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी। मौत के बाद परिवार पर पहाड़ टूट गया था। बच्चों की पढ़ाई चौपट न हो। उनके जीवन में शिक्षा का अंधेरे न होने पाए। इसके लिए बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप ने पहल की है। गुरुवार को ग्रुप की तरफ से तीनों बच्चों को स्कूली बैग और स्टेशनरी दी गई। ग्रुप के सहयोगी मोहम्मद अनीश और वीके तिवारी ने कहा है कि इन बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकेगी।

साकेत एक्सप्रेस पर युवक ने किया पथराव

यात्रियों ने चलती ट्रेन से धक्का देकर नीचे उतार दिया था

प्रतापगढ़। यात्रियों द्वारा धक्का देकर चलती ट्रेन से नीचे उतारे जाने से खफा युवक ने ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन अफरातफरी मच गई। यात्री कोच की खिड़की और दरवाजे बंद कर लिए। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन से छूटने के बाद साकेत एक्सप्रेस भंगवा क्रासिंग पार कर चुकी थी। इसी बीच जनरल कोच से एक युवक को धकलते हुए राहगीरों ने देखा। युवक जान जोखिम में डालकर कर नीचे कूद पड़ा। उसके बाद उसने ट्रैक पर पड़ी गिट्टियां उठा कर कोच पर फेंकना शुरु कर दिया। आरपीएफ का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। किसी ने शिकायत नहीं की है। युवक का आरोप था कि उसे चढ़ने नहीं दिया गया। धक्का दिया गया। वह प्रतापगढ़ का रहने वाला है।

महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को दिया गया टैबलेट

प्रतापगढ़, लालगांज। नगर स्थित भागवत दत्त महाविद्यालय अझारा में गुरूवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अन्तर्गत छात्र छात्राओं को टैबलेट वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल तीन सौ पैंतालिस छात्र छात्राओं को टैबलेट वितरण किया गया। टैबलेट पाकर छात्र छात्राओं के चेहरे खिल उठे। महाविद्यालय के संस्थापक पूर्व आईएएस रमेशचंद्र मिश्र के साथ मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस अरविन्द नारायण मिश्र ने बच्चों में टैबलेट का वितरण किया। प्राचार्य डॉ0 पूनम त्रिपाठी ने महाविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत किया। वहीं प्रबंधक सुनीता मिश्रा, प्रकाशचंद्र मिश्र ने टैबलेट वितरण कार्यक्रम का संयोजन किया। मुख्य अतिथि अरविन्द नारायण मिश्र व महाविद्यालय के संस्थापक रमेशचंद्र मिश्र ने छात्र छात्राओं को टैबलेट के सदुपयोग को लेकर प्रेरित किया। इस मौके पर डॉ0 लक्ष्मीकांत तिवारी, डॉ0 रेखा पाण्डेय, डॉ0 शालिनी शुक्ला, डॉ0 लक्ष्मीकांत द्विवेदी, राहुल सिंह, संतोष शुक्ल, हृदय पाण्डेय, विनोद पाण्डेय, शुभम श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

सूबेदार सिंह पुनः बने विकास कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के प्रदेश अध्यक्ष

प्रतापगढ़। लालगंज स्थित कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना के कैम्प कार्यालय पर गुरूवार को प्रमोद तिवारी विकास कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रान्तीय संयोजक ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने प्रदेश अध्यक्ष पद पर राणा सूबेदार सिंह चौहान के कार्यकाल में बढोत्तरी का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का समिति की आम सभा ने सर्वसम्मति से अनुमोदन किया। कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी राणा सूबेदार सिंह चौहान की अगुवाई में राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी के विकासपरक नेतृत्व को मजबूत बनाने का संकल्प जताया। बैठक का संचालन सह संयोजक विकास मिश्र ने किया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, केडी मिश्र, मोनू पाण्डेय, राजू पाण्डेय, विनय पाण्डेय, आचार्य राजेश मिश्र, बेलाल रहमानी, गीता सिंह, बंटी जायसवाल समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महिला प्रकोष्ठ की बैठक में कार्यकारिणी का किया गठन 

प्रतापगढ़। शहर के दहिलामऊ स्थित प्रताप सदन में गुरुवार को राजाभैया की पार्टी जनसत्ता  लोकतांत्रिक के महिला प्रकोष्ठ की बैठक जिला अध्यक्ष वंदना उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें पार्टी के विस्तार, सदस्यता अभियान, ब्लॉक अध्यक्षो की नियुक्ति,  जिला कार्यकारिणी में पदाधिकारी के विस्तार में सहयोग एवं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह में पदाधिकारी की उपस्थिति  आदि बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मांधाता ब्लॉक की ब्लॉक अध्यक्ष नीतू किन्नर के द्वारा मांधाता ब्लॉक की कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। इस मौके पर जिला महासचिव माधुरी सिंह जिला सचिव सलमा बानो, मधुबाला श्रीवास्तव एवं अन्य महिला पदाधिकारी मौजूद रही।

पानी के अभाव में बंजर हो रही खेती वाली जमीनें

प्रतापगढ़, कुंडा। नगर पंचायत इलाके में सिंचाई का साधन नहीं होने से किसानों की सैकड़ो बीघे खेती बेकार हो रही है। पानी के अभाव में खेती वाली जमीने बंजर होती जा रही हैं। धान, गेहूं, सब्जी जैसे महत्वपूर्ण फसले तैयार करने वाले खेत सूखे पड़े हैं। किसानों ने चेयरमैन से नलकूप लगाए जाने की गुहार लगाई है। नगर पंचायत मानिकपुर के भोला का पुरवा, मिरगढ़वा मोहल्ले समेत कई मोहल्ले में आने वाले कृषि योग्य सैकड़ो बीघे खेती सिंचाई के साधन के अभाव में बेकार हो रही है। दो वर्ष से किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं। उपजाऊ जमीन पर धान, गेहूं, सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। किसानों ने चेयरमैन को शिकायती पत्र देकर सिंचाई के लिए सरकारी नलकूप लगवाए जाने की मांग की है। इलाके के महादेव साहू, हसन इमाम गुड्डू, राजेन्द्र कुमार शर्मा, नन्दलाल मौर्य, आलोक मौर्य, राम कृष्ण, दशरथ लाल, छोटेलाल, राम नरेश विश्वकर्मा, हरी कृष्ण, शुभम विश्वकर्मा, धुन्नीलाल मौर्य, लालजी मौर्य, विनोद कुमार, दशाराम, विमल कुमार, रामदीन, रामचन्दर, प्रमोद कुमार, छोटेलाल, अवधेश कुमार, दिनेश कुमार, शीतला प्रसाद, राम किशोर आदि दर्जनों किसानों से पत्र चेयरमैन को देकर सिंचाई के लिए सरकारी नलकूप लगवाने की मांग की है।

पूर्व प्रधान की पत्नी बनीं निर्विरोध ग्राम प्रधान

प्रतापगढ़, कुंडा। दिनदहाड़े गला रेतकर प्रधान की हत्या कर दी गयी थी। जिस पर उप चुनाव हुआ पर उप चुनाव में गांव के किसी भी व्यक्ति ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। इससे मृतक की पत्नी निर्विरोध प्रधान चुनीं गई। बाबागंज ब्लॉक के डिहवा जलालपुर गांव निवासी प्रधान करुणेश भारती उर्फ मम्मन की बीते सात जून को कुंडा के जमेठी गांव के पास उसी की कार में दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या में महिला का मामला सामने आया था। जिला प्रशासन ने प्रधान के उपचुनाव की घोषणा किया तो सहानुभूति में किसी ने नामांकन नहीं दाखिल किया। केवल मृत प्रधान की पत्नी अनिका सिंह और जेठानी हेमलता ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। जांच के दौरान दोनों नामांकन पत्र वैध पाए गए। बुधवार को अनिका सिंह की जेठानी हेमलता ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। जिससे आरओ शैलेन्द्र ने अनिका सिंह को निर्विरोध प्रधान घोषित कर दिया। इससे प्रधान समर्थकों में काफी खुशी रही।

दुष्कर्म के आरोपी को आजीवन कारावास व अर्थ दंड की सजा

प्रतापगढ़।  अपर सत्र न्यायाधीश विशेष न्यायाधीश पाक्सो अधिनियम पारुल वर्मा ने दलित नाबालिक के साथ दुष्कर्म के आरोप में दोषी पाते हुए महेंद्र वर्मा थाना अंतू को आजीवन कारावास तथा 46 हजार अर्थदंड से दंडित किया। अर्थ दंड की राशि पीड़िता को उसके मानसिक एवं चिकित्सीय आघात एवं पुनर्वास हेतु प्रदान की जाएगी । राज्य की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक निर्भय सिंह ने की। वादी मुकदमा के अनुसार घटना 27 जून 2015 की रात 12.00 बजे की है। घर के सामने  पीड़िता बरामदे में सोई थी। पीड़िता उम्र 14 वर्ष को गांव के महेंद्र वर्मा मुंह दबाकर चारपाई से जबरन घर के पश्चिमी पंचायत भवन के पीछे ले गया। पीड़िता के साथ जबरन बलात्कार किया। विरोध करने पर पीड़िता को काफी मारा पीटा। वादी मुकदमा और उसकी पत्नी उस समय रिश्तेदारी में गए थे। घटना के बाद पीड़िता बेसुध हो गई थी। करीब 2 घंटे बाद अपने घर आई और घटना की जानकारी अपनी चाची को दी। अभियोजन की ओर से छह गवाहों के माध्यम से 10 प्रदर्शाे को साबित कराया गया।

एक अन्य घटना में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। रानीगंज कोतवाली थाना क्षेत्र की एक नाबालिक के साथ पट्टी कोतवाली क्षेत्र के बेलसंडी गांव में रहने वाले चार नामजद आरोपियों ने सामूहिक  किया था। मामले की जांच कर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। दो आरोपियों को एक दिन पहले मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इस मामले में फरार आरोपी मोहम्मद सोनू ने गुरुवार को पॉक्सो अधिनियम की विशेष अदालत में   आत्मसमर्पण कर दिया है।