एसपी ने मातहतों की लगाई क्लास, दिए जरूरी निर्देश
प्रतापगढ़। एसपी डा0 अनिल कुमार ने बुद्धवार को पुलिस कार्यालय के सभी शाखा कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मियों की क्लास ली। उन्होंने बारी-बारी से सभी के कार्यों के बारे में पंूछकर प्रगति रिपोर्ट ली। कार्यालय में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थित रजिस्टर देखा। प्रत्येक के कार्य क्षेत्र के संबंध में ब्रीफ कर सूचनाओं का समय से आदान प्रदान किये जाने का निर्देश दिया। एसपी ने मातहतों से कहा कि जो भीे दायित्व व कार्य दिए गये हैं उनका बाखूबी समय से निस्तारण करते रहें।
जिला जज की अदालत ने हत्यारे को अजीवन कारावास व अर्थदण्ड की सुनाई सजा
प्रतापगढ़। जिला एवं सत्र न्यायाधीश की आदालत ने हत्याभियुक्त को आजीवन कारावास व तीस हजार के अर्थदण्ड की सजा सुनाई। जिला जज की अदालत ने राजकरन यादव पुत्र राम कुमार निवासी निवासी कालिकन का पुरवा सांगीपुर पर हत्या का आरोप सिद्ध होने पर मंगलवार को सजा सुनाई। सत्र न्यायालय ने अभियुक्त को हत्या के आरोप पर अजीवन कारावास व बीस हजार का अर्थदण्ड तथा धारा 201 के मुकदमे में पॉव वर्ष का सश्रम कारावास व दस हजार रू0 के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। मामले की न्यायालय में पैरवी अधिवक्ता डीजीसी क्रिमिनल योगेश कुमार शर्मा व एडीजीसी विक्रम सिंह ने की ।
सीडीओ की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा रैली
प्रतापगढ़। हर घर तिरंगा अभियान एवं विभाजन विभीषिका समृति दिवस के अवसर पर सीडीओ नवनीत सेहारा के अगुवाई में तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। बुद्धवार को विकास भवन मंे कृषि विभाग व विकास भवन कार्यालयों के कर्मचारियों ने रैली निकाल कर हर घर तिरंगा फहराने की अपील की गई। देश के बंटवारे को विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में याद किया गया। तिरंगा यात्रा रैली में उपनिदेशक कृषि विनोद कुमार यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी चमन सिंह, कृषि अधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, विजय कुमार सिंह, डा0 विन्ध्याचल सिंह, बीके सोनी, आरपी सरोज, मो0 अनीस, एआरपी धमेन्द्र ओझा समेत कृषि भवन व विकास भवन के कर्मचारी व अधिकारी शामिल रहे।
क्षेत्र पंचायत की बैठक में 5 करोड़ 75 लाख लागत के विकास कार्यों को मिली मंजूरी
प्रतापगढ़, बाबागंज। बाबागंज ब्लाक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक ब्लाक प्रमुख मालती देवी के अध्यक्षता में हुई। बैठक में विशिष्ट अतिथि एमएलसी प्रतापगढ़ अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता होगी। विकास खण्ड को माडल विकास खण्ड बनाने में सभी कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है। मुख्य अतिथि विधायक बाबागंज विनोद सरोज ने क्षेत्र पंचायत से सम्बंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मनरेगा योजना रोजगार की गारंटी देती है। इस योजना के चलते गांवों में विकास होता है। नाली, इंटरलॉकिंग, आरसीसी, शौचालय, आवास और पौधरोपण के जरिए गांवों में नई क्रांति आई है। बैठक में 05 करोड़ 75 लाख लागत के विकास कार्यों की मंजूरी मिली।
इस मौके पर जिला पंचायतअध्यक्ष प्रतिनिधि माधुरी कुलदीप पटेल, प्रमुख मालती रामजस सरोज, पूर्व प्रमुख पंकज सिंह, डॉ विनय द्विवेदी, डॉक्टर सौरभ सिंह, प्रधान आनंद देव पांडेय, प्रधान पंकज यादव, प्रधान झींगुर प्रतिनिधि डब्लू तिवारी, प्रधान प्रतिनिधि गोगहर विनोद यादव, खंड विकास अधिकारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
बांग्लादेश के मुद्दे पर पूरा विपक्ष एक-सांसद प्रमोद तिवारी
प्रतापगढ़, लालगंज। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि रामपुर खास में विकास तथा लोगों के मान सम्मान को सदैव प्राथमिकता दी जाएगी। मोदी सरकार पर विफलता का आरोप लगाया। उन्होनें कहा कि पडोसी बांग्लादेश में हिन्दू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर पूरा देश सरकार के साथ खड़ा है। यह एक गंभीर अर्न्तराष्ट्रीय मुददा है। उन्होने कहा कि पूरा विपक्ष बांग्लादेश के मुद्दे पर एक है। प्रमोद तिवारी ने तंज कसा कि भाजपा उन्नींस सौ सत्तर-इक्हत्तर का इतिहास पढ़ ले और इंदिरा गांधी से प्रेरणा लेते हुए हिन्दू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए गंभीर प्रयत्न करें। सांसद प्रमोद तिवारी ने रामपुरखास के अलीपुर में क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना के द्वारा विधायक निधि से स्वीकृत हुए एक किलोमीटर ग्रामीण संपर्क मार्ग की आधारशिला रखी। चुर्री चौराहे पर स्वामी करपात्री जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये। उन्होने मनुहार, काजी का पुरवा, उमरपुर, भटनी, लकुरी, बीजूमऊ में जनसंपर्क कर लोगों से क्षेत्रीय विकास में सहयोग मांगा। इस मौके पर भुवनेश्वर शुक्ल, भगवती प्रसाद तिवारी, राकेश सिंह, गंगाचरण पाण्डेय, राजेन्द्र यादव, अशोक सिंह, हदीश खां, मुकीम, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, आशीष उपाध्याय, महन्त द्विवेदी, सुनील त्रिपाठी, रवीन्द्र मिश्र, आनन्द पाण्डेय, राकेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ता परिषद ने चलाया हर घर तिरंगा अभियान
प्रतापगढ़। बुधवार को अधिवक्ता परिषद अवध प्रतापगढ़ ईकाई के अध्यक्ष मनोज सिंह व महामंत्री शिवेश शुक्ल एवं निर्वतमान अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता की अगुवाई में वकीलों के बीच हर घर तिरंगा अभियान चलाया। जिला दीवानी न्यायालय परिसर व अधिवक्ता के चेम्बरों में सम्पर्क कर 500 से अधिक अधिवक्ताओं में तिरंगा झंडा का वितरण किया। परिषद के पूर्व अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। पिछले सात दशकों में सशस्त्र बलों के जवानों समेत अनेक लोगों ने तिरंगे की शान में अपने जीवन का बलिदान दिया है। राष्ट्रीय झंडे के लिए सभी के मन में प्रेम, आदर और निष्ठा है। झंडारोहण के लिए हमारे देश में भारतीय ध्वज संहिता लागू है। इसे 26 जनवरी 2002 को लागू किया गया। इसके तहत ध्वजारोहण के लिए कानून बनाया गया है। जिससे कि किसी भी प्रकार से तिरंगे झंडे का अपमान न हो सके। अध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि यह अभियान देशभक्ति की भावना को प्रबल करने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति आदरभाव को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। महामंत्री शिवेश शुक्ल ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान-शान है। पन्द्रह अगस्त को हम सब अपने अपने घरों पर तिरंगा फहरा कर अपने भारत देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे का सम्मान करें। इस दौरान रवि सिंह, विनीत शुक्ल, आकाश गुप्ता, अवनीश शर्मा, अरविंद पाण्डेय आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
नेशनल हाइवे पर खड़ी कार में ट्रक ने मारी टक्कर
प्रतापगढ़, लालगंज। नेशनल हाइवे पर तेज गति से आ रही ट्रक ने कार को टक्कर मारते हुए सौ मीटर घसीटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से देर रात तक बाजार में अफरातफरी का माहौल बना रहा। लालगंज बाजार में हाइवे पर मंगलवार की रात एक क्लीनिक के सामने सभासद चंद्रप्रकाश शुक्ल सोनू अपनी कार खड़ी कर एक चाय की दुकान पर बैठे थे। रात करीब दस बजे रायबरेली की ओर से ओवरलोड ट्रक तीव्र गति से आ रही कार को ट्रक में घसीटता देख लोग चीखने चिल्लाने लगे। सामने लोगों की भारी भीड़ देख चालक ने ट्रक रोका। चालक को नीचे उतारा गया तो वह नशे में धुत निकला। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नीरज ने ट्रक को कब्जे मे ले लिया।
दुष्कर्म का आरोपी भेजा गया जेल
प्रतापगढ़, लालगंज। सांगीपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को धर दबोचा। बुधवार को दरोगा सचिन पटेल फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। थाना क्षेत्र के देउम चौराहे के समीप पीडिता के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी पुलिस को दिख गया। पुलिस ने अंतू थाना के रामनगर भोजपुर निवासी रामजीत कोरी के पुत्र अजीत कोरी को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ बीती सोलह जुलाई को थाना क्षेत्र की पीड़िता ने दुष्कर्म तथा गालीगलौज व धमकी का केस दर्ज कराया था। पुलिस में हिरासत मे लिए गये आरोपी को जेल भेज दिया।
जिलाधिकारी ने फरियादियों की सुनी समस्याएं
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में फरियादियों की समस्याओं को सुना। सम्बन्धित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिये। राजस्व शिकायतों के सम्बन्ध में निर्देश दिया कि राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष निस्तारण करें। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण यथाशीघ्र किया जाये।
शिक्षाविद् ललन प्रसाद का योगदान सदैव अविस्मरणीय
प्रतापगढ़। सांगीपुर इलाके के पूरे शिवगुलाम देऊम पूरब गांव में मंगलवार की शाम सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षाविद ललन प्रसाद मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। यहां हुई श्रद्धांजलि सभा में समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्व मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का बखान किया। श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने स्व मिश्र द्वारा शिक्षाजगत में किये गये योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन काल में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण भाव से किया। वक्ताओं द्वारा कहा गया कि स्व. मिश्र द्वारा ज्ञान अर्जित करने वाले अनेकों छात्र आज उच्च पदों पर तैनात होकर उनका नाम रोशन कर रहे। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता बुद्धिधर शिक्षण संस्थान के निदेशक शिक्षाविद विनय द्विवेदी व संचालन अंजनी अमोघ ने किया। मुख्य वक्ता रिटायर्ड प्रधानाचार्य तीर्थराज शुक्ल रहे। आभार स्व. मिश्र के सुपुत्र अप्रवासी भारतीय इंजीनियर संतोष मिश्र और एआरटीओ मनोज कुमार मिश्र ने जताया। इस मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य डा. भगवानदीन त्रिपाठी, आचार्य बृजबिहारी मिश्र, देवेन्द्र त्रिपाठी, भाजपा नेता अभिषेक मिश्र, अजीत मिश्र, करुणापति मिश्र, शम्भूनाथ मिश्र, धनंजय मिश्र, इंद्रदेव मिश्र, राजकुमार मिश्र, अशोक मिश्र, रामबोध शुक्ला आदि रहे ।






















