गंगा स्नान को शुकतीर्थ पहुंचे श्रद्धालू,डी एम व एस एस पी ने किया दौरा

0
138

मोरना :l- तीर्थनगरी शुकतीर्थ  मे आयोजित होने वाले ज्येष्ठ दशहरा गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं का आगमन बुधवार को शुरू हो गया। ट्रेक्टर ट्रॉली व अन्य वाहनों के द्वारा श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शुकतीर्थ पहुंची मेले के दौरान सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ बनाने को लेकर जनपद के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एस पी ग्रामीण सहित एस डी एम आदि ने तीर्थ मे पहुंच और सभी व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने को अधिकारियों से बात की।

               तीर्थनगरी शुकतीर्थ मे  गुरुवार की सुबह सवेरे मुख्य स्नान किया जायेगा।जिसके लिए श्रद्धालू तीर्थ नगरी पहुंचे जहाँ वह गंगा घाट पर स्नान करने के बाद प्रसिद्ध शुकदेव आश्रम मे स्थित मंदिर, हनुमद्धाम, गणेश धाम, शिव धाम, दुर्गा धाम, मां बगलामुखी आदि मंदिरों में पूजा अर्चना कर श्रद्धाभाव से प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांग रहे हैं। मेले के बाजारों में सामान खरीदने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। शुकदेव आश्रम स्थित प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधने वाले श्रद्धालुओं की भी दिन भर भीड़ लगी रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मेले में जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। वहीं बुधवार की सुबह सवेरे शुकतीर्थ पहुंचे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशबंधु, एसडीएम जानसठ जयेन्द्र सिंह, डीपीआरओ धर्मेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार ब्रजेश सिंह, एएमए योगेश कुमार आदि के साथ मिलकर मुख्य गंगा घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाकर गंगा से जलकुम्भी निकाली। इसके उपरांत एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ भोपा डॉ. रविशंकर मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह के साथ नगरी के मुख्य मार्गों, मीना बाजार, गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। घाट पर अनेक श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुण्डन संस्कार कराया। प्राचीन दंड़ी आश्रम, रविदास आश्रम, सत साहेब आश्रम, खिचड़ी वाले बाबा का आश्रम, श्री महेश्वर आश्रम, मानव निर्माण योग आश्रम, सच्चा प्रकाश आदि में सत्संग प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। 

मेले के दौरान साफ सफाई बनाये रखने को लेकर जिलाधिकारी व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने गंगा घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया। तथा गंगा मे फैली जलकुम्भी को साफ किया गया। डॉ. वीरपाल निर्वाल ने घाट पर मौजूद पुरोहितो व दुकानदारो को साफ सफाई रखने की विशेष हिदायत की।