PM Modi ने महान बांग्ला अभिनेता उत्तम कुमार को उनकी जन्मशती पर दी श्रद्धांजलि

0
11

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्ला फिल्मों के दिग्गज कलाकार उत्तम कुमार की जन्मशती पर आज उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उत्तम कुमार की सदाबहार अदाकारी अलग-अलग पीढ़ियों के लोगों को उनसे जोड़ती है। उत्तम कुमार का असली नाम अरुण कुमार चट्टोपाध्याय था। तीन सितंबर 1926 को जन्मे कुमार का निधन 24 जुलाई 1980 को हुआ था। 

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, महानायक उत्तम कुमार… एक ऐसे दिग्गज कलाकार जिनकी सदाबहार अदाकारी अलग-अलग पीढ़ियों के लोगों को उनसे जोड़ती है। उनकी जन्मशती पर उन्हें श्रद्धांजलि। प्रधानमंत्री ने 30 अगस्त को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का एक हिस्सा भी साझा किया जिसमें उन्होंने उत्तम कुमार को एक बहुमुखी प्रतिभा का धनी कलाकार बताया था जिन्होंने अपनी अदाकारी से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी। 

मोदी ने कहा, फिल्म प्रेमियों का मानना ​​है कि सत्यजीत रे ने फिल्म ‘नायक’ (‘द हीरो’) की पूरी पटकथा महानायक उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर लिखी थी। श्रीमान सत्यजीत रे ने कहा था कि उनमें अद्भुत भावनात्मक गहराई के साथ-साथ बहुत गरिमा भी थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तम कुमार ने अपने किरदारों को जीवंत बनाने के लिए बहुत मेहनत की और वह न केवल अपने सहज अभिनय के लिए बल्कि अपनी परोपकारी सोच के लिए भी जाने जाते थे। मोदी ने कहा, ‘उनका जीवन एक और बड़ी सीख देता है: कभी हार न मानें। 

उनकी शुरुआती फिल्में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं, फिर भी वह अपने काम पर केंद्रित रहे। इसी समर्पण ने उन्हें इतनी बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंचने में मदद की। प्रधानमंत्री ने कुछ समय पहले कोलकाता में रोड शो के दौरान महानायक उत्तम कुमार के घर के पास से गुजरने का भी जिक्र किया। 

उन्होंने बताया कि उस दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें दिवंगत अभिनेता की एक तस्वीर भेंट की थी। मोदी ने कहा, मैं एक बार फिर महान उत्तम कुमार जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वह हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here