स्टडी वीजा पर कनाडा गए 16 भारतीय युवक गिरफ्तार; लॉरेंस गैंग के लिए कर रहे थे काम, 56 आपराधिक मामले दर्ज

0
4

कनाडा में भारतीय युवाओं के गैंग नेटवर्क में कथित तौर पर इस्तेमाल का एक बड़ा मामला सामने आया है। कैलगरी पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों पर कुल 56 आपराधिक मामले दर्ज हैं और इनमें कई गंभीर वारदातें शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 15 भारतीय आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि इनमें से कुछ युवक पंजाब से कनाडा पहुंचे थे और बाद में कथित तौर पर गैंग के लिए काम करने लगे। कैलगरी पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग तरीकों से कनाडा पहुंचे थे। इनमें कुछ के पास कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज थे, जबकि कुछ वैध स्टडी वीजा या वर्क परमिट पर कनाडा आए थे।पुलिस का कहना है कि गैंग नेटवर्क ऐसे युवाओं को अपने स्थानीय ‘फुट सोल्जर्स’ के तौर पर इस्तेमाल कर रहा था। इनसे कथित तौर पर धमकी, वसूली और टारगेटेड शूटिंग जैसी आपराधिक गतिविधियां कराई जाती थीं। जांच में सामने आए पैटर्न के मुताबिक, कनाडा में काम नहीं मिलने या आर्थिक परेशानी से जूझ रहे कुछ युवाओं को गैंग से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर आसान और तेज कमाई का लालच दिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में युवाओं को छोटे-मोटे काम दिए जाते थे। इसके बदले उन्हें कुछ सौ से लेकर हजारों कनाडाई डॉलर तक मिलने का लालच दिया जाता था। धीरे-धीरे कुछ युवाओं को ज्यादा गंभीर आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here