गुजरात तट पर बड़ा हादसा, दो जहाजों के बीच हुई भीषण टक्कर, 21 लोगों को बचाया गया

0
5
गुजरात तट पर बड़ा हादसा, दो जहाजों के बीच हुई भीषण टक्कर, 21 लोगों को बचाया गया

कांडला: गुजरात में कांडला के बाहरी लंगरगाह के पास गहरे समुद्र में दो बड़े व्यापारिक मालवाहक जहाजों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और एक जहाज पर सवार 24 चालक दल के सदस्यों में से 21 नाविकों को सकुशल बाहर निकाल लिया। तटरक्षक बल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन की आधिकारिक जानकारी साझा की।

‘एमवी केमैक्स एम्परर’ और ‘एमवी ट्रू मेरिनर’ आपस में टकराए
भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, यह दुर्घटना कांडला के आउटर एंकरेज (OTB Kandla) के नजदीक हुई, जहां ‘एमवी केमैक्स एम्परर’ (MV KMAX EMPEROR) और ‘एमवी ट्रू मेरिनर’ (MV TRUE MARINER) आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि जहाज पर मौजूद नाविकों की जान जोखिम में पड़ गई। सूचना मिलते ही तटरक्षक बल की विशेष टीमें बचाव नौकाओं के साथ मौके पर पहुंचीं और समुद्र की तेज लहरों के बीच ‘एमवी केमैक्स एम्परर’ से 21 नाविकों को बिना किसी बड़े नुकसान के सुरक्षित निकाल लिया।

समुद्री प्रदूषण रोकने के लिए कड़े उपाय सक्रिय
हादसे के बाद समुद्र में तेल रिसाव या अन्य पर्यावरणीय खतरों से निपटने के लिए तटरक्षक बल ने व्यापक प्रदूषण नियंत्रण उपाय सक्रिय कर दिए हैं। इस संबंध में नौवहन महानिदेशालय (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग), प्रमुख केंद्रीय एजेंसियों और राज्य प्रशासन के साथ लगातार करीबी तालमेल बनाकर काम किया जा रहा है। तटरक्षक बल गुजरात तट पर व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और संवेदनशील समुद्री पर्यावरण की सुरक्षा के लिए लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here