नागरी दिवस एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

0
3
नागरी दिवस एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

​प्रयागराज। 15 सितम्बर 2026 मंगलवार को सायं 3 बजे से श्री वेणी माधव मन्दिर दारागंज प्रयागराज के परिसर में डॉ० महेश प्रताप नारायण अवस्थी द्वारा स्थापित अखिल भारतीय रामायण मेला समिति प्रयागराज की अधीनस्थ संस्था “राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के तत्त्वावधान में “नागरी दिवस एवं सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर की प्रतिष्ठित कवयित्री रचना सक्सेना एवं मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना मिश्र तथा विशिष्ट अतिथि डाॅ शालिग्राम त्रिपाठी ने वीणापाणि एवं डॉ० महेश अवस्थी के चित्र पर पुष्पहार समर्पित कर दीप जलाते हुए समारोह का उद्घाटन किया।
संचालक डॉ० शम्भुनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’ जी के प्रारम्भिक उद्बोधन में आयोजन पर प्रकाश डाला गया और वाणी वन्दना हेतु श्रीमती रचना सक्सेना जी को आहूत किया गया जिन्होंने इन स्वरों में “सुर की देवी शारदे, वीणा को झंकार दे ” वाणी वन्दना की ललित प्रस्तुति दी।
वाणी वन्दना के बाद मंचस्थ अध्यक्ष श्रीमती रचना सक्सेना व मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना मिश्र जी को कु० प्रणति मिश्र ने माल्यार्पण द्वारा अभिनन्दित किया। अतिथियों के सत्कारोपरान्त संचालक डॉ० शम्भुनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’ जी ने “हिन्दी एवं देवनागरी लिपि” विषय पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए देवनागरी लिपि की उत्पत्ति और विकास का क्रम विश्लेषित किया। वर्णों का स्वरूप मुंह से निःसृत ध्वनियों के अनुरूप चरितार्थ किया। इसी क्रम में ‘शहर समता’ के सम्पादक श्री उमेश श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में डॉ० महेश अवस्थी का सस्मरण करते हुए उनकी साहित्यिक यात्रा पर प्रकाश डाला।
इसके अनन्तर द्वितीय सत्र के रूप में काव्य पाठ का समारम्भ हुआ जिसमें निम्नलिखित रचनाकारों ने कविता पाठ द्वारा सबका हृदय आह्लादित कर दिया।—
सर्वश्री पं० हीरा लाल हीरा लाल पाण्डेय, उमेश श्रीवास्तव, केशव सक्सेना, के० सी० गिरी, निखिलेश मालवीय, सौरभ, रचना सक्सेना, पं. राकेश मालवीय मुस्कान, डॉ० शम्भुनाथ त्रिपाठी ‘ आदि ने सुंदर कविताओं का काव्यपाठ किया
​इस अवसर पर समिति की ओर से अध्यक्षता कर रही श्रीमती रचना सक्सेना एवं डाॅ शालिग्राम त्रिपाठी को अंगवस्त्रम्, ग्रन्थ भेंट एवं माल्यार्पण द्वारा सम्मानित किया गया।
​कार्यक्रम का संचालन महामंत्री डॉ० शम्भुनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’ एवं आभार ज्ञापन श्री फूलचन्द दुबे के यशस्वी पुत्र वरिष्ठ अधिवक्ता श्री दुर्गेश मिश्र ने किया। सूक्ष्माहार के साथ आयोजन पूर्णता को प्राप्त हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here