TMC विधायक की गाड़ी पर हमला, लोगों ने रास्ता रोकते हुए मारे अंडे, शीशे तोड़े 

0
3
TMC विधायक की गाड़ी पर हमला, लोगों ने रास्ता रोकते हुए मारे अंडे, शीशे तोड़े 

पश्चिम बंगाल : श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की जनसभा में शामिल होने जा रहे TMC विधायक कुणाल घोष की कार पर हमले की खबर सामने आई है। कार पर हमला करने और उसे घेरने वाले लोग कौन थे, अभी तक इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ लोग एकसाथ उनकी गाड़ी के आगे आए और घेरते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए। विरोध करते नजर आए लोगों ने घोष की कार पर अंडे भी फेंके।

इस दौरान गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया। कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि उनकी कार को रास्ते में रोककर प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया। घोष के अनुसार, भीड़ की ओर से उनकी गाड़ी पर पत्थर और अंडे फेंके गए, जिससे कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हुआ और उस दौरान उन्हें मौके पर पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई।

घोष ने बताया कि घटना के बाद वह कोलकाता के लिए रवाना हो रहे हैं। उनका कहना है कि शहर पहुंचने के बाद वह लाल बाजार या भवानी भवन जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

हमले को लेकर आमने-सामने TMC और BJP-घटना के बाद इसे लेकर TMC और BJP के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। TMC नेता असित मजूमदार ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे BJP कार्यकर्ताओं की भूमिका हो सकती है। उन्होंने इसे आम लोगों की स्वत:स्फूर्त नाराजगी मानने से इनकार करते हुए इसे कथित तौर पर पहले से तय हमला बताया।

दूसरी ओर, BJP ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। उत्तरपाड़ा के BJP विधायक दीपनजन चक्रवर्ती ने कहा कि मौके पर लोगों की प्रतिक्रिया स्वाभाविक थी और इसे BJP की साजिश बताना सही नहीं है फिलहाल, घटना में शामिल लोगों की पहचान और हमले के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों राजनीतिक दल घटना को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। बता दें कि कुणाल घोष पश्चिम बंगाल की बेलियाघाटा विधानसभा सीट से TMC विधायक हैं और पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here