मायावती का बड़ा फैसला, आकाश आनंद की BSP में फिर वापसी, राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिली

0
3
मायावती का बड़ा फैसला, आकाश आनंद की BSP में फिर वापसी, राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिली

बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में एक बार फिर वापसी का ऐलान किया है। मायावती ने आकाश आनंद को दोबारा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपते हुए उम्मीद जताई कि वह संगठन के हित में पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ काम करेंगे।

मायावती ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम का संघर्ष BSP के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है। पार्टी ने इसी विचारधारा के आधार पर राजनीति में कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी जारी हैं।

‘बहुजन समाज ही मेरा विराट परिवार–

BSP प्रमुख ने कहा कि पूरा बहुजन समाज ही उनका विराट परिवार है और जनता का हित उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने समय-समय पर कड़े फैसले लिए हैं और इन फैसलों से उनके परिवार के लोग भी अछूते नहीं रहे हैं। मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद का पार्टी में अब तक का व्यक्तित्व और कामकाज सामान्य तौर पर ठीक रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय में परिस्थितियों में बदलाव के कारण संगठन में कुछ फैसले लेने पड़े।

अशोक सिद्धार्थ के संन्यास के बाद बदला माहौल–

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद के ससुर और पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद परिस्थितियों में बदलाव आया। उनके मुताबिक, इसके बाद आकाश आनंद के काम करने के तरीके में भी बदलाव देखने को मिला। मायावती ने बताया कि पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की मांग थी कि आकाश आनंद की अपील को स्वीकार करते हुए उन्हें उनकी पुरानी जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का अवसर दिया जाए।

उन्होंने कहा कि आकाश आनंद के पिता और उनके छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस फैसले पर सहमति जताई है। मायावती के अनुसार, ईशान आनंद ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा है कि वह बिना किसी पद के भी उनके निर्देशों के अनुसार पूरी ईमानदारी से काम करने के लिए तैयार हैं।

चेतावनी के साथ मिली पुरानी जिम्मेदारी

मायावती ने कहा कि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद BSP ने आकाश आनंद को फिर से राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद संगठन में परिस्थितियां बेहतर रहेंगी और भविष्य में बार-बार संगठनात्मक बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे की स्थिति काफी हद तक आकाश आनंद के आचरण और उनके काम करने के तरीके पर निर्भर करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here